जयपुर। प्रदेश के चुनावी माहौल में बयानबाजी का दौर जारी है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने राज्य सरकार पर प्रदेश को बीमारू प्रदेश बनाने का आरोप लगाया। वहीं इस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कांग्रेस को मानसिक रूप से बीमार बताया है। उन्होंने गुरूवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा कि कांग्रेस नेता झूठ बोलकर प्रदेश की जनता का अपमान करने का काम कर रहे है। राजस्थान की जनता चुनाव में इस अपमान का बदला लेगी। कांग्रेस ने ही प्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का काम किया है। कांग्रेस नेतृत्वविहीन, नीति और नीयतविहिन पार्टी है जो अपनी आखिरी लड़ाई लड़ रही है। उनकी रीति-नीति एक झूठ को सौ बार बोलकर झूठ के पांव खड़े करने की रही है। उन्होंने प्रदेश के 26 हजार युवाओं की नौकरी रोकने का काम किया है। इसलिए युवाओं में कांग्रेस के प्रति आक्रोश है। इस दौरान उन्होंने भाजपा में टिकटों के घमासान पर कहा कि पार्टी में किसी प्रकार कोई विवाद नहीं है,ये मीडिया की उपज है।