पूर्व मंत्री रघु शर्मा के बेटे को युवा कांग्रेस में बनाया वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीधी नियुक्ति पर उठने लगे सवाल

Sameer Ur Rehman
2 Min Read

जयपुर। पूर्व मंत्री और गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा के पुत्र सागर शर्मा को प्रदेश युवा कांग्रेस में वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त करने पर अब पार्टी में ही बवाल मच गया है ।भारतीय युवा कांग्रेस में सदस्य तक नहीं होने के बावजूद सागर शर्मा को सीधे प्रदेश में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए जाने को लेकर अब युवा कांग्रेस के नेताओं में ही अंदर खाने नाराजगी बढ़ गई है तो वही युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान युवा बोर्ड के चेयरमैन सीताराम लांबा ने भी सागर शर्मा के नियुक्ति पर सवाल खड़े किए हैं।

सीताराम लांबा ने सागर शर्मा की नियुक्ति का विरोध करते हुए ट्वीट करके युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन बीवी और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अलावेरू से भी सवाल पूछा है।

 

 

सीताराम लांबा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि “क्या यही भारतीय युवा कांग्रेस का आंतरिक लोकतंत्र बचा है जो भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्य भी नहीं, वो बिना संगठन चुनाव के सीधे प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए हैं,शीर्ष नेतृत्व से निवेदन है कि सूची पर पुनर्विचार करें”।

गौरतलब है कि राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रभारी हरपाल सिंह चुडासमा ओर से रविवार को जारी कई सूची में चार वरिष्ठ उपाध्यक्ष और नो उपाध्यक्ष बनाए गए थे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष में पूर्व मंत्री रघु शर्मा के पुत्र का नाम आने के बाद उसे लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर चल पड़ा था।

संगठन महामंत्री भी बदला 

वहीं रविवार को जारी हुई कार्यकारिणी विस्तार की सूची में प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठन महासचिव रहे आयुष भारद्वाज के स्थान पर प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोगरा के करीबी राहुल खान को संगठन महासचिव बनाया गया है। राहुल खान अब तक सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निभाते आए थे।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/