जयपुर।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर देश के नागरिकों को न्यूनतम आमदनी देने की लोक कल्याणकारी घोषणा का स्वागत किया है। पायलट ने इसे कांग्रेस पार्टी के गरीबी हटाने के प्रयासों की कड़ी में सबसे मजबूत कदम बताया है।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आम जनता को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न अधिकार दिये है। जिनमें मुख्य रूप से सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, मनरेगा के तहत 100 दिन की रोजगार गारंटी का अधिकार और अब भविष्य में कांग्रेस पार्टी की केन्द्र में सरकार बनने पर न्यूनतम आमदनी का अधिकार देने की घोषणा से स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस पार्टी की सोच के केन्द्र में आम जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ना सबसे बड़ा लक्ष्य है।
पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी की जिस-जिस राज्य में सरकारें गठित हुई है। वहां अविलम्ब किसानों के कर्जे माफ करने की घोषणाएं कर भाजपा राज में त्रस्त किसानों को बदहाली से बाहर निकालने के लिए सकारात्मक कार्य किया जा रहा है।