अब वसुंधरा राजे को दरकिनार करने में लगी भाजपा, बैनरों से फोटो हुई गायब

liyaquat Ali
2 Min Read
FILE PHOTO

 

जयपुर
लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा अब केन्द्रीय नेताओं के नेतृत्व में चुनावी वैतरणी पार करने की योजना बना रही है। गुरूवार को जयपुर में भाजपा के सभी मोर्चों की संयुक्त कार्यशाला में लगे बैनर और पोस्टरों के माध्यम से पदाधिकारियों को यहीं संदेश देने की कोशिश की गई। कार्यशाला में सभी बैनर और पोस्टरों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्टï्रीय अध्यक्ष अमित शाह, दीनदयाल उपाध्याय व सुंदरसिंह भंडारी के ही फोटो थे। उनमें कहीं भी प्रदेश के नेताओं को जगह नहीं दी गई। इतना ही नहीं इन बैनरों से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी भी गायब रहे। इस बारे में कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए संगठन के प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच ने कहा कि कार्यकर्ताओं को क्या दिखाना है और क्या नहीं, यह तय करने का काम पार्टी का है। कार्यशाला में पार्टी ने जो उचित समझा वहीं किया है।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी सतीश और पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने तथा दूसरे सत्र को प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत ने संबोधित किया।
कार्यशाला में भाजपा के महिला, युवा, किसान, ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव को लेकर जिम्मेदारियां दी गई। इन में आने वाले दिनों में राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से दिए गए अभियानों को शुरू करना तो वहीं प्रदेश संगठन द्वारा आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए आम जनता तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के बाद अब 6 से 10 जनवरी तक जिलास्तर पर मोर्चों की सामूहिक कार्यशाला आयोजन करने के निर्देश भी दिए गए।
लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से आयोजित की गई इस कार्यशाला में पदाधिकारी भी नहीं आए। सभी मोर्चो के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा संगठन प्रभारी को मिलाकर संख्या करीब 800 पदाधिकारियों की थी किन्तु इसमें 350 पदाधिकारी ही पहुंचे।
Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *