नगर निकाय चुनावी परीक्षा में एक मंत्री पास, 4 को सप्लीमेंट्री, 11 विधायकों की 14 पालिकाओं में पार्टी को बहुमत

Dr. CHETAN THATHERA
4 Min Read

Jaipur News । प्रदेश के 12 जिलों के 50 नगर निकायों के लिए कराए गए चुनाव में गहलोत सरकार का सिर्फ एक मंत्री प्रत्यक्ष तौर पर चुनावी परीक्षा में पास हुआ है। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया के निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस को सीधे बहुमत मिल गया हैं, जबकि परसादी लाल मीणा, भजनलाल, प्रमोद जैन भाया और राजेंद्र यादव के निर्वाचन क्षेत्रों में निर्दलीयों की जोड़-तोड़ से निकाय प्रमुखों का फैसला होगा। कांग्रेस के 5 मंत्रियों समेत 32 कांग्रेस विधायकों के 37 शहरी निकायों में चुनाव थे। 27 में से 11 विधायकों की 14 नगर पालिकाओं में पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है। इनमें से भी विधायक गुरमीत कुन्नर ने अकेले 4 नगरपालिका में कांग्रेस का परचम फहराया है।

लालचंद कटारिया को छोड़ चारों मंत्रियों के निकायों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत नहीं मिला और वहां जोड़-तोड़ ही करना होगा। मंत्रियों के अलावा कांग्रेस के 27 विधायकों में से भी 14 नगरपालिकाओं में कांग्रेस विधायकों की नगर पालिका में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है। 21 नगरपालिका ऐसी हैं जहां निर्दलीयों के साथ बिना बोर्ड नहीं बनाया जा सकेगा। क्योंकि वहां कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीयों में सीटों का बंटवारा हो गया है। वहीं 10 जगह निर्दलीयों को पूर्ण बहुमत मिला है। नतीजे भाजपा के लिए काफी निराशाजनक रहे है और 50 में से केवल 4 जगह ही भाजपा विधायक नगर पालिका में जीत दिला सके हैं, जबकि भाजपा के 8 विधायकों की 10 नगर पालिका में चुनाव थे।
कृषि मंत्री लालचंद कटारिया की झोटवाड़ा विधानसभा में आने वाली जोबनेर नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी है। यहां 20 वार्डों में से कांग्रेस ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की है। मंत्री राजेंद्र यादव के इलाके की कोटपूतली नगर पालिका के नतीजे भाजपा और कांग्रेस के लिए टाई रहे। कांग्रेस और भाजपा को 8-8 वार्ड में जीत मिली है। जबकि, निर्दलीयों को पूर्ण बहुमत मिला है। यहां 40 में से 24 वार्ड में निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है। उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा के इलाके दौसा की लालसोट नगर पालिका चुनाव के नतीजों में कांग्रेस और भाजपा दोनों को बराबर सीटें मिली हैं। यहां कुल 35 वार्ड हैं जिनमें से 13 में कांग्रेस और 13 में भाजपा ने जीत दर्ज की है। नगर पालिका अध्यक्ष कौन बनेगा इसका फैसला 9 वार्डों में जीते निर्दलीय तय करेंगे। अंता नगर पालिका खान मंत्री प्रमोद जैन भाया के विधानसभा क्षेत्र अंता के अंतर्गत आती है। अंता की 35 सीटों में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला टाई रहा। कांग्रेस और भाजपा को 16-16 वार्ड में जीत मिली है, वहीं 3 निर्दलीय भी चुनाव जीत कर आए हैं। यहां सत्ता की चाबी निर्दलीयों के हाथ में है। वैर नगर पालिका मंत्री भजन लाल जाटव के विधानसभा क्षेत्र में आती है। यहां 25 में से 21 वार्डों में निर्दलीय, दो में भाजपा और दो में कांग्रेस के प्रत्याशियों की जीत हुई है। भुसावर नगरपालिका भी मंत्री भजन लाल जाटव की वैर विधानसभा में आती है। यहां कुल 25 वार्ड हैं, जिनमें से 21 वार्ड पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है तो भाजपा के खाते में 3 वार्ड आए हैं और कांग्रेस के खाते में केवल एक वार्ड आया है।
Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम