कांग्रेस के साथ भाजपा के नेताओं ने भी शहीद दिवस पर किया महात्मा गांधी को याद

Dr. CHETAN THATHERA
3 Min Read

Jaipur News। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहीद दिवस के मौके पर शनिवार को राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत कांग्रेस व भाजपा के नेताओं ने उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। कांग्रेस-भाजपा के नेताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों में महात्मा गांधी के चित्र, प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धा से याद किया।

नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपने शब्दों के माध्यम से देश में महात्मा गांधी के योगदान को याद किया। राज्यपाल कलराज मिश्र ने बापू को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि सत्य, अहिंसा और मानवता के साधक महात्मा गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि बापू ने हमें सत्य, अहिंसा और शांति का मार्ग दिखाया। हमें देश की एकता और प्रगति के लिए उनके आदर्शों पर चलने की जरूरत है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने लिखा कि स्वतंत्रता संग्राम के समय देश की जनता में राष्ट्रप्रेम व आत्मबल का संचार करने वाले, सत्य, अहिंसा, शांति व सद्भाव के प्रतीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आज के दिन हमें गांधीजी के आदर्शों व सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा शनिवार को मेवाड़ के दौरे पर रहे। उन्होंने चित्तौडग़ढ़ में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। डोटासरा ने लिखा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर चित्तौडग़ढ़ में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको याद किया।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा कि सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस पर सादर श्रद्धासुमन। इस अवसर पर मैं सभी देशवासियों से पूज्य बापू के सिद्धांत व आदर्शों का अनुसरण कर देश-प्रदेश की उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करती हूं।

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लिखा कि बापू भारत की आत्मा की प्रतिमूर्ति हैं। उनका दिया राष्ट्र निर्माण का मंत्र आज चहुंओर गूंज रहा है। स्वच्छता आज विश्व में भारत की पहचान बन गई है। हिन्द स्वराज की तर्ज पर गांव, गरीब और किसान का विकास हो रहा है। यही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने लिखा कि करुणा, प्रेम, सत्य, अहिंसा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने लिखा कि अहिंसा के शस्त्र से स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले बापू की पुण्यतिथि पर उन्हें मेरी श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि। उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने लिखा कि सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव के उपासक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस पर उन्हें कोटिश: नमन। आइए, हम सभी बापू के सिद्धांत व आदर्शों को आत्मसात करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम