जयपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, भाजपा ने की निंदा

Dr. CHETAN THATHERA
3 Min Read

Jaipur News। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस राज में प्रदेश में अजा-जजा एवं अनुसूचित जनजाति पर अत्याचार बढऩे का विरोध जताने के लिए भाजयुमो कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट सर्किल पर प्रदर्शन कर रहे थे।

सुबह करीब साढ़े 10 बजे इकट्ठे हुए भाजयुमो कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर जयसिंह हाईवे पर धरना देने लगे। पुलिस ने प्रवेश द्वार बंद कर दिए थे। धरने से जब आम लोग परेशान होने लगे तो दोपहर साढ़े बारह बजे पुलिस ने कार्यकर्ताओं को उठाना शुरू किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई।

इसके बाद पुलिस ने धरना स्थल खाली कराने के लिए कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भाजयुमो पदाधिकारियों का दावा है कि पुलिस की इस कार्रवाई से दर्जनभर से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। इसी दौरान सदर एसीपी नवाब खान से कार्यकर्ता उलझ गए। मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिसकर्मियों ने भाजयुमो के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।

युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिनवाल, प्रदेश मंत्री रामकिशन मीणा, विजेंद्र गुर्जर, विक्रम सिंह शेखावत और आशीष शर्मा को चोटें आई हैं। घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया है।

भाजयुमो प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिनवाल ने बताया कि पिछले दिनों झालावाड़ जिले के झालरापाटन में कृष्णा वाल्मीकि पर दिनदहाड़े समुदाय विशेष के लोगों ने लाठी, भाला, सरिया से हमला हुआ था। उसकी हत्या कर दी गई थी।

यह घटना प्रदेश में अजा एवं जजा पर हो अत्याचार को दर्शाती है। इस तरह की घटनाओं पर प्रदेश सरकार कोई कड़े कदम नहीं उठा रही है। इन अत्याचारों पर अंकुश लगाने एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सर्किल पर धरना प्रदर्शन किया था।

मौके पर पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने आरोप लगाया कि मोर्चा के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से बातचीत करने की कोशिश की, तो उन्होंने भी बुरा बर्ताव किया। उन्होंने बताया कि वे शांतिपूर्वक कलेक्टर से मिलकर अपनी बात बताना चाहते थे, लेकिन उनके साथ जानबूझकर बदसलूकी की गई। पार्टी के कई कार्यकर्ता गंभीर घायल हो गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के घायल कार्यकर्ताओं से सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचकर कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज इत्यादि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम