जोधपुर के उत्तर नगर निगम में कांग्रेस व दक्षिण में भाजपा को पूर्ण बहुमत, कोटा में कांग्रेस को बढ़त, जयपुर में कड़ा मुकाबला

Dr. CHETAN THATHERA
6 Min Read
File Photo

Jaipur News । प्रदेश के जोधपुर में उत्तर व दक्षिण नगर निगम के लिए मतगणना के सभी दौर होने के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जोधपुर के उत्तर नगर निगम में कांग्रेस और दक्षिण में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल गया है। उत्तर में अब तक घोषित 70 नतीजों में से कांग्रेस को 47, भाजपा को 16 व 7 स्थानों पर निर्दलीय विजयी रहे हैं। दूसरी तरफ दक्षिण निगम के अब तक घोषित 75 नतीजों में से भाजपा को 41, कांग्रेस को 26 व 8 स्थानों पर निर्दलीय जीते हैं। यानी अब आधा जोधपुर भाजपा का और आधे पर कांग्रेस की सरकार है। जबकि जयपुर हैरिटेज निगम में कमल मुरझाता हुआ नजर आ रहा है। यहां अब तक हुई काउंटिंग में कांग्रेस ने बढ़त बना रखी है। उधर, ग्रेटर नगर निगम में भाजपा आगे है। कांग्रेस यहां भी कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है। कोटा के दोनों निगमों में कांग्रेस ने अब तक भाजपा पर बढ़त बना रखी है।

जोधपुर उत्तर में सीएम अशोक गहलोत का विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा और शहर का इलाका आता है। इसी निगम क्षेत्र में सीएम का पैतृक आवास भी है। यहां कांग्रेस आगे बढ़ी है, वहीं जोधपुर दक्षिण में यहां के सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आवास है। वहां भाजपा आगे बढ़ी है। कोटा उत्तर में कांग्रेस ने अच्छी बढ़त बना रखी है। यहां अब तक आए रूझानों में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है, वहीं कोटा दक्षिण में कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर चल रही है।

सभी 6 निगमों में 560 वार्ड हैं। इनमें जयपुर हेरिटेज में 100 और जयपुर ग्रेटर नगर निगम में 150 वार्ड, जोधपुर उत्तर और जोधपुर दक्षिण नगर निगम में 80-80 वार्ड तथा कोटा उत्तर में 70 और कोटा दक्षिण नगर निगम में 80 वार्ड हैं। निगम चुनाव में कुल 2287 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे है। चुनाव के लिए सभी निगम निर्वाचन क्षेत्रों में 36 लाख 168 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 21 लाख 66 हजार 310 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया था।

जयपुर के हैरिटेज निगम में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। यहां अब तक हुई काउंटिंग में कांग्रेस के 27 प्रत्याशी जीत चुके हैं। जबकि, भाजपा के 24 प्रत्याशी जीते हैं। ग्रेटर नगर निगम में भाजपा आगे है। ग्रेटर में भाजपा के 15 प्रत्याशी जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि कांग्रेस के 11 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। जयपुर हैरिटेज में 686 और जयपुर ग्रेटर में 430 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।

राजधानी जयपुर के इन चुनावों में अशोक गहलोत सरकार के तीन दिग्गज मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां के सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास राज्य सरकार में परिवहन मंत्री हैं। झोटवाड़ा विधायक लालचंद कटारिया कृषि मंत्री हैं, जबकि हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेश जोशी राज्य सरकार के मुख्य सचेतक हैं। ये तीनों ही निगम चुनाव में पसीना बहा चुके हैं।

कोटा उत्तर और दक्षिण नगर निगम चुनाव में वोटों की गिनती जारी है। कोटा उत्तर नगर निगम की काउंटिंग कॉमर्स कॉलेज और दक्षिण निगम की जेडीबी कॉलेज में चल रही है। दोनों निगमों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। कोटा उत्तर निगम में 6 और दक्षिण में 7 सीटों के साथ कांग्रेस आगे चल रही है। कोटा उत्तर के 70 वार्डों में 225 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। वहीं, कोटा दक्षिण के 80 वार्डों में 289 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

कुल मिलाकर शहर को 150 वार्ड पार्षद मिलेंगे। कोचिंग सिटी के निगम चुनाव में वरिष्ठ मंत्री शांति धारीवाल का दबदबा सामने आया है। कोटा उत्तर और दक्षिण नगर निगम में कांग्रेस ने फिलहाल भाजपा को पछाड़ रखा है। कोटा उत्तर में तो कांग्रेस ने जबर्दस्त बढ़त बना ली है, वहीं दक्षिण में भी कांग्रेस विपक्षी भाजपा से काफी आगे निकल गई है। कोटा में दोनों नगर निगम के चुनाव कांग्रेस के दिग्गज मंत्री शांति धारीवाल के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है। स्थानीय निकाय विभाग उनके पास ही है।

आज परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह बाद 10 नवंबर को महापौर और 11 नवंबर को उप महापौर का चुनाव होगा। जीत की संभावनाओं के आधार पर जिस तरह प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी की गई है उससे संभावना जताई जा रही है कि वह महापौर और उप महापौर के चुनाव तक जारी रहेगी। मेयर पद के लिए 4 और 5 नवंबर को नामांकन भरा जाएगा।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम