
जयपुर। गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल गुजरात दौरे पर जाएंगे। सीएम गहलोत और केसी वेणुगोपाल सोमवार को दोपहर 2 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए गुजरात से रवाना होंगे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात पहुंचने के बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल सहित कई अन्य नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर मंथन करेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल कल जयपुर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली बैठक में शामिल होने के बाद दोपहर 2 बजे गुजरात के लिए रवाना होंगे।गुजरात पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल नेताओं के साथ चुनाव प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ प्रत्याशियों की रायशुमारी के साथ-साथ कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि गुजरात चुनाव के साथ-साथ 4 सितंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रव्यापी रैली और भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर भी वेणुगोपाल गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे और उनसे अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का भी आह्वान करेंगे।
गुजरात से जा सकते हैं दिल्ली
विश्वस्त सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल 23 अगस्त की शाम गुजरात से ही दिल्ली जाएंगे। जहां वेणुगोपाल राजस्थान और गुजरात में राष्ट्रव्यापी रैली और भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में ली गई बैठकों की जानकारी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को देंगे। वहीं बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 24 अगस्त को दिल्ली से जयपुर लौटेंगे।
गौरतलब है कि गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की देखरेख में ही होंगे।