डिजिटल मेंबरशिप अभियान का टारगेट पूरा करने पर आज महामंथन, सीएम आवास में जुटेंगे दिग्गज

Sameer Ur Rehman
3 Min Read
File Photo -Ashok Gehlot

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, संगठन चुनाव प्रभारी संजय निरुपम और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा लेंगे बैठक
-दोपहर 1 बजे से होने वाली इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिलाध्यक्षों और निवर्तमान 400 ब्लॉक अध्यक्षों को बुलाया
-कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अजय माकन का जयपुर दौरा निरस्त
जयपुर। प्रदेश में संगठन चुनाव के मद्देनजर शुरू हुई ऑफलाइन और ऑनलाइन मेंबरशिप अभियान को गति देने के लिए आज मुख्यमंत्री आवास पर महामंथन होने जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से दिए गए 50 लाख के टारगेट को पूरा करने के लिए मंत्री-विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को टारगेट दिया गया है। साथ ही आज प्रदेश कार्यकारिणी, जिलाध्यक्षों और निवर्तमान 400 ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई है। दोपहर 1बजे से आयोजित होने वाली इस बैठक में संगठन चुनाव प्रभारी संजय निरुपम, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा बैठक लेकर टारगेट पूरा करने का टास्क देंगे।

माकन का दौरा हुआ निरस्त

वहीं प्रदेश प्रभारी अजय माकन भी आज मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली बैठक में शामिल होने वाले थे लेकिन ऐन वक्त पर उनका जयपुर दौरा निरस्त हो गया। अब माकन की बजाए मुख्यमंत्री गहलोत और संगठन चुनाव प्रभारी संजय निरुपम बैठक लेंगे।

अलग-अलग मिलेगा टास्क

बताया जा रहा है कि आज होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी, जिलाध्यक्षों और 400 निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्षों को अलग-अलग टास्क दिया जाएगा जिससे कि 50 लाख के टारगेट के आसपास पहुंचा जा सके।

डिजिटल में 9 लाख पहुंचा आंकड़ा

दूसरी ओर ऑफलाइन की तुलना में डिजिटल मेंबरशिप में लाख कोशिशों के बावजूद भी मेंबरशिप का आंकड़ा 9 लाख के पार पहुंचा है। ऐसे में पार्टी थिंक टैंक का पूरा फोकस अभी डिजिटल मेंबरशिप अभियान पर है और इसी के चलते डिजिटल मेंबरशिप अभियान में ज्यादा से ज्यादा मेंबर मेंबर बनाई जा सके इसी को लेकर आज मुख्यमंत्री आवास पर बैठक बुलाई गई है।

मुख्यमंत्री ने खुद संभाली कमान

वहीं डिजिटल मेंबरशिप में उम्मीद के मुताबिक मेंबर नहीं बनने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद डिजिटल मेंबरशिप अभियान की कमान संभाली है। मुख्यमंत्री की ओर से सभी को अलग-अलग टास्क दिए जा रहे हैं जिससे राजस्थान में सर्वाधिक डिजिटल मेंबरशिप हो सके।

15 अप्रैल तक चलेगा मेंबरशिप अभियान

इससे पहले ऑफलाइन और ऑनलाइन डिजिटल मेंबरशिप अभियान की अंतिम तारीख 31 मार्च थी लेकिन उम्मीद के मुताबिक राजस्थान में मेंबरशिप अभियान किस सुस्त चाल के चलते राजस्थान कांग्रेस निर्धारित टारगेट के आसपास भी नहीं पहुंच पाई। इसके बाद एआईसीसी ने 15 दिन का समय बढ़ाते हुए अब इस अभियान को 15 अप्रैल तक कर दिया है। मेंबरशिप अभियान समाप्त होने के बाद प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव होंगे।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/