जयपुर । समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) द्वारा 10 वे राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन जामड़ोली जयपुर में 29 व 30 सितम्बर को आयोजित होगा। अधिवेशन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ़. मोहनराव भागवत संबोधित करेंगे। अधिवेशन में सम्पूर्ण भारतवर्ष से दिव्यांग हितार्थ कार्य करने वाले प्रतिभागी (1500) और 400 दिव्यांगबंधु भाग लेंगे। साथ ही भारत में दिव्यांग जन समर्पित किये जा रहे सेवा कार्यों की एक प्रदशर्नी आयोजित की जाएगी। इस दौरान विशाल शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
सक्षम राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. सुकुमार ने प्रेस वार्ता में समावेशी भारत और दिव्यांगजनों को समाज की प्रमुखधारा में लाने और उनको सक्षम बनाने पर चर्चा की। साथ ही केशव विद्यापीठ, जामड़ोली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के कार्यक्रम और व्यवस्थाओं के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की। सक्षम संस्था की उपलब्धियों और उदे्श्यों के बारे में विस्तार पूर्वक परिचय करवाया।
सक्षम संगठन पूरे भारत में सभी प्रकार के दिव्यांग जनो के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य कर रहा हैं। सक्षम दिव्यांगो के स्वास्थ्य, शैक्षिक, रोजगार एवं पुनर्वास पर कार्य कर दिव्यांग बंधुओं और भगिनियों को देश की मुख्यधारा में जोड़ने का काम कर रहा हैं। विभिन्न सत्रों में श्रेणीवार सांइटिफिक सैशन द्वारा दिव्यांगताओं के कारणों एवं रोकथाम पर वर्कशॉप भी रखी जाएंगी।
इस दौरान दिव्यांग हितार्थ चिंतन-मंथन कर आगामी वर्षों की कार्य योजना एवं प्रस्ताव रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिवेशन व प्रदर्शनी उद्घाटन 28 सितम्बर को शाम 6 बजे होगा। 30 सितम्बर सुबह दस बजे संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत को संबोधन होगा। इसी दिन शाम 3.30 बजे शोभायात्रा निकलेगी।