प्रदेश मैं धूलभरी हवा थमते ही झुलसाने लगी लू

जयपुर। भीषण गर्मी के चलते पूरा प्रदेश भट्टी की तरह तप रहा है। दिन में आसमान से मानों अंगारे बरस रहे हैं तो रात में भी गर्म हवा के थपेड़ों से लोग हलकान हैं। प्रदेश के पश्चिमी भागों में चल रही लू ने लोगों को दिनचर्या में बदलाव करने के लिए विवश कर दिया है वहीं दूसरी ओर मौसम केंद्र ने आगामी दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे होने का अंदेशा जताया है।

बीते 24 घंटे में बूंदी में 46 और सवाई माधोपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में बरस रही आसमानी आग के लोग त्रस्त हैं और दिन में बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत जुटा पा रहे हैं। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है तो सूर्यास्त के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही सामान्य होने लगी है। मौसम केंद्र के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय चक्रवाती तंत्र  कमजोर पड़ने व पश्चिमी सतही हवाओं के कारण मौसम में गर्माहट बढ़ रही है और अगले 24 घंटे में गर्मी के तेवर और तीखे होने का अनुमान है।

राजधानी में बीती रात हवा की थमी रफ्तार के कारण शहरवासी बेहाल रहे। दिन में जहां भीषण गर्मी का दौर रहा वही सूर्यास्त के बाद भी झुलसाती गर्मी से शहरवासियों को राहत नही मिली। बीती रात हालांकि शहर के न्यूनतमत तापमान में पारा 1.6 डिग्री गिरकर 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ । आज सूर्योदय के साथ ही शहर में धूप की तपन महसूस हुई हालांकि सुबह पुरवाई हवा जरूर चली लेकिन धूप की तपिश के सामने पुरवाई हवा भी गर्मी से राहत दिलाने में बेअसर साबित हुई। शहर में आज सुबह नौ बजे अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा वहीं स्थानीय मौसम केंद्र ने आज शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने के संकेत दिए हैं।

बीती रात कोटा में 31.7,बूंदी 30.8, बीकानेर 30.7, जैसलमेर 30.2, बाड़मेर 30.8 और अजमेर में 29 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। पश्चिमी मैदानी इलाकों में सतही गर्म हवा ने झुलसाती गर्मी का अहसास कराया।