2025 से पहले पूरा होगा राम मंदिर का निर्माण: आलोक कुमार

dainikreporters
photo bjp logo

 

जयपुर
विश्व हिन्दू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा है कि विहिप अयोध्या में राममंदिर की मांग कर रही है और इसको लेकर बहुत तैयारी भी हो चुकी है। अब लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण इसका कोई निर्णय नहीं हो पाया है लेकिन हमारा मानना है कि 2025 में जब इलाहाबाद में पूर्ण कुंभ होगा उससे पहले राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका होगा। आलोक कुमार शनिवार को सेवा सदन में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर की जगह हिंदू समाज की है और हमने जगह पर अपनी मांग नहीं छोडी है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण की मांग चुनावी मुद्दा नहीं है और यह मांग हमने किसी पार्टी से सांठ गांठ करने नहीं उठाई है।
आलोक कुमार जयपुर में विहिप के अखिल भारतीय सम्पर्क विभाग की राष्टï्रीय स्तर की बैठक में शामिल हुए आए हैं। यह बैठक शनिवार को सेवा सदन मे शुरू हुई और रविवार तक चलेगी। इसके उद्घाटन सत्र में परमानन्द महाराज, विहिप के अन्तर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार, गोपाल शर्मा, विहिप के केन्द्रीय मंत्री रासबिहारी शामिल हुए। बैठक में देशभर के 44 प्रान्तों के 60 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के पहले सत्र में विहिप के केन्द्रीय मंत्री रास बिहारी ने प्रस्तावना रखते हुए बताया कि सम्पर्क विभाग विहिप का सबसे महत्वपूर्ण आयाम है। यह वर्ष में दो बार देश के सांसदों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों एवं कर्मचारियों से सम्पर्क के कार्यक्रम आयोजित करता है जिसमें विहिप की ओर से चलाए जाने वाली सभी जानकारियां दी जाती है। इस वर्ष भी रोहिंग्यां मुसलमानों का विषय लेकर सभी सांसदों से सम्पर्क किया गया।
गोपाल शर्मा ने रामजन्मभूमि आन्दोलन की पुरानी यादें ताज की। अन्तर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि राजनीतिक, प्रशासनिक, व्यापारिक उद्योगपति सभी समाज के स्तम्भ है। समय-समय पर विहिप इनका सहयोग लेता रहता है। विभाग के द्वारा रामजन्म भूमि के विषय को लेकर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति से भेंट कर कानून बनाने का आग्रह किया गया है।