महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका,प्रदेश के सभी 400 ब्लॉक में आज हो रहे महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन,कांग्रेस सेवादल ने पीसीसी से गवर्नमेंट हॉस्टल तक निकाला विरोध मार्च

Sameer Ur Rehman
2 Min Read

जयपुर। पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ आज से कांग्रेस का विरोध सप्ताह शुरू हो गया है। 31 मार्च से 7 अप्रैल तक महंगाई के खिलाफ ब्लॉक, जिला और प्रदेश के वर्तमान कांग्रेस के अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें महंगाई का विरोध किया जाएगा। इसी कड़ी में आज प्रदेश के सभी 400 ब्लॉक में पेट्रोल- डीजल और रसोई गैस की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।

कांग्रेस सेवा दल ने आज महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया, कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से दोपहर 12 बजे महंगाई का विरोध जताते हुए रैली के रूप में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रवाना हुए और गवर्नमेंट हॉस्टल तक पैदल मार्च निकाला।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महंगाई का पुतला फूंका। गवर्नमेंट हॉस्टल पर तकरीबन 15 मिनट तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल की महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत ने कहा कि कोरोना के चलते लोग पहले ही काम धंधे और रोजगार से परेशान हैं। ऊपर से केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। केंद्र सरकार ने कई कंपनियों को निजी हाथों में दे दिया है जिससे युवा बेरोजगार हो गया है।

बढ़ती महंगाई के कारण मध्यमवर्गीय परिवारों के सड़क पर आने की नौबत आ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारत का डीएनए है और भारत की जनता की आवाज है और जनता की आवाज बनकर केंद्र की मोदी सरकार को हटा नहीं देते तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/