सीएम गहलोत का सचिन पायलट पर बड़ा हमला, हमारे कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काने का काम करते हैं , विडियो देखें

Sameer Ur Rehman
2 Min Read

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम व टोंक विधायक सचिन सचिन पायलट के बीच अदावत जगजाहिर है, दोनों एक दूसरे पर सियासी शब्द बाण छोड़ने का कोई मौका नहीं छोड़ते। स्वाधीनता दिवस के दिन भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट का नाम लिए बगैर उन पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि हमारे कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काने का काम करते हैं।

 

दरअसल आज प्रदेश कांग्रेस की ओर से आजादी की गौरव यात्रा के समापन के अवसर पर जयपुर के शहीद स्मारक पर जनसभा का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर हमला बोला। सीएम गहलोत ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान को लेकर हमारे कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काने का काम करते हैं। समझ में नहीं आता कि इस फिक्र में वो क्यो दुबले हुए जा रहे हैं।

 सीएम गहलोत ने कहा कि हमारे कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काते हुए हुए कहते हैं कि कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए। कार्यकर्ताओं का सम्मान आपने कभी किया भी है क्या क्या होता है मान सम्मान। हम तो मान सम्मान पाते पाते ही कार्यकर्ताओं से नेता बन गए। सचिन पायलट को लेकर दिए गए मुख्यमंत्री के इस बयान के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं

सचिन पायलट लगातार उठाते रहे हैं मान सम्मान की बात

 वहीं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और डिप्टी सीएम रहे सचिन पायलट लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की बात उठाते रहे हैं। सचिन पायलट ने कई बार मीडिया में भी बयान दिया है कि राज्य में सरकार कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की खून पसीने से बनी थी इसलिए सरकार में कार्यकर्ताओं का मान सम्मान होना चाहिए।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/