
जयपुर। वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता और पूर्व मंत्री इंदिरा मायाराम के निधन को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति बताया है। पूर्व मंत्री इंदिरा मायाराम का देर रात जयपुर में सी स्कीम स्थित अपने आवास पर निधन हो गया था। 85 वर्षीय इंदिरा मायाराम सांगानेर से दो बार विधायक रही है और गहलोत सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री रही हैं। इसके साथ ही वो महिला कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
इंदिरा मायाराम के बेटे अरविंद मायाराम वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रहे हैं और अभी फिलहाल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आर्थिक सलाहकार हैं। इंदिरा मायाराम का आज शाम लाल कोठी स्थित मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले आज दोपहर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इंदिरा मायाराम के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए, साथ ही परिवार जनों को ढांढस बंधाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इंदिरा मायाराम का निधन आज कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है। इंदिरा मायाराम का लंबा राजनीतिक जीवन रहा है, मैं जब एनएसयूआई में था तो वह युवा कांग्रेस में मुझसे सीनियर थी।उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लिए हमेशा अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। इंदिरा मायाराम सांगानेर की बहुत ही प्रसिद्ध नेता थी।उनके घर पर हमेशा कार्यकर्ताओं और आम जन का मजमा लगा रहता था। क्षेत्र का विकास कराने में उन्होंने कभी कोई कमी नहीं रखी। विधानसभा में भी पुरजोर तरीके से समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाते रहीं।
इधर पूर्व मंत्री इंदिरा मायाराम के निधन पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, महेश जोशी सहित कई अन्य नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है।