कांग्रेस रैली की तैयारियों पर मंथन के लिए आज दिल्ली में बड़ी बैठक सीएम गहलोत और डोटासरा होंगे शामिल

Sameer Ur Rehman
3 Min Read

जयपुर। महंगाई के खिलाफ 28 अगस्त को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली तैयारियों को लेकर आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में शाम 5 बजे बैठक बुलाई गई है जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी शामिल होंगे।

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में होने वाले इस बैठक में रैली की तैयारियों पर मंथन किया जाएगा। आज शाम 5 बजे होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोपहर 3 बजे अहमदाबाद से दिल्ली पहुंचेंगे तो वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा दोपहर 2 बजे फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 3 बजे दिल्ली पहुंचेंगे जहां मुख्यमंत्री गहलोत और डोटासरा सीधे पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद शाम को होने वाली बैठक में शामिल होंगे।

बताया जाता है कि बैठक में पांच राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, नेता प्रतिपक्ष और प्रभारियों को बुलाया गया है इनमें राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़,पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के नेता इस बैठक में शामिल होंगे।

बताया जाता है कि आज शाम होने वाली इस बैठक में रैली की तैयारियों पर चर्चा करने के साथ ही रैली का रोडमैप भी तैयार होगा जिसमें दिल्ली के नजदीक माने जाने वाले किन किन राज्यों से कितनी कितनी भीड़ रैली में लेकर जानी है। साथ ही आने-जाने के मार्ग तय करने के साथ-साथ रैली में आने वाले लोगों के लिए भोजन का प्रबंध सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का पार्टी के कई अन्य नेताओं से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। 9 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेश की 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली गई आजादी की गौरव यात्रा की रिपोर्ट भी पार्टी के आला नेताओं को सौंपी जाएगी।

इसके अलावा महंगाई और ईडी के खिलाफ होने वाले विरोध प्रदर्शनों की रिपोर्ट भी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पार्टी के आला नेताओं को सौंपेंगे।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/