दो कारें और कुछ दुपहिया वाहन दबे, कार में दबे पांच लोगों को निकाला बाहर
जयपुर। शहर चांद पोल बाजार में बुधवार सुबह सालों पुराना एक पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ जब गिरा उस समय उसके पास दो कारें और कुछ दुपहिया वाहन गुजर रहे थे। देखते ही देखते ये वाहन पेड़ के नीचे दब गए। चीख पुकार की आवाजों के बीच लोगों ने कार में दबे पांच लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। इस हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सवेरे करीब सात बजे के बाद पेड़ गिरने की यह घटना हुई थी। ये पीपल का पेड़ करीब साठ साल से ज्यादा पुराना बताया जा रहा है। पेड़ काफी बड़ा और घना था। जो अचानक से धराशाही हो गया। इस पेड़ की चपेट में आने से दो कारों समेत पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर पुलिस, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। पहले तो क्रेन की मदद से पेड़ को हटाने की कोशिश की गई लेकिन पेड़ भारी होने के चलते हिला तक नहीं।
जानकारी के अनुसार निगम कर्मचारी कटर मशीन लेकर पेड़ को काटने लगे तो कटर मशीन ही खराब हो गई। फिर उसे सही किया गया, उसके बाद पेड़ की बड़ी शाखाओं को काटकर पेड़ को हटाया गया। पेड़ हटाने में करीब चार से पांच घंटे का समय लगा। इस बीच यातायात को सामानांतर रास्तों में डायवर्ट किया गया।