सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम
जयपुर, । प्रदेश भाजपा अगले एक माह में महासंपर्क अभियान चलाकर एक करोड मतदाताओं से संपर्क करेगी तथा उन्हें केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकार देगी। इसके लिए रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर विधानसभा बूथ प्रभारी, विधानसभा लाभार्थी प्रभारी और जिला प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी और प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने सभी से संगठन को मजबूत करने के लिए दिनरात जुटने का आह्वïान किया। उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों के लिए पार्टी के कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। इसके तहत 2 से 4 नवम्बर तक प्रदेशभर में वृहद स्तर पर महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत भाजपा के प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता तीन दिनों तक मतदाताओं से संपर्क कर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके लिए हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता को दस घरों में संपर्क करने का लक्ष्य दिया जाएगा। कार्यकर्ता इन दस घरों में नियमित रूप से संपर्क कर लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करेंगे। इन तीन दिनों में एक करोड लोगों से संपर्क किया जाएगा।
इससे पूर्व संपर्क अभियान की तैयारियों के लिए 10 से 16 अक्टूबर तक हर विधानसभा क्षेत्र में युवा मोर्चा की ओर से नव मतदाता सम्मान समारोह का आयोजन कर नए बने मतदाताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद 11 से 20 अक्टूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में आईटी वॉलिंटियर सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इसमें सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की जानकारी दी जाएगी। इस बीच 12 अक्टूबर को राजमाता विजयराजे सिंधिया की जयन्ती पर नारी शक्ति सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।
महिला मोर्चा के इस कार्यक्रम में महिलाओं को भाजपा की रीति नीति और सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ ही 18 से 24 अक्टूबर तक 200 विधानसभा क्षेत्रों में नवशक्ति सम्मेलनों का आयोजन भी किया जाएगा।
25 से 31 अक्टूबर तक कमल संदेश रैली निकाली जाएगी। इसमें मंडल स्तर भाजपा कार्यकर्ता भाजपा के झंडे लगी 10 बाइकों का समूह बनाकर 5 घंटे तक मंडल क्षेत्र में रैली निकालेंगे। 31 अक्टूबर को ही सरदार वल्लभभाई पटेल की जयन्ती पर विधानसभा क्षेत्रों में रन फार यूनिटी का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता राष्टï्र की एकता के लिए कार्य करें और विपक्षी दलों की ओर से किए जा रहे नकारात्मक प्रचार का मुंहतोड जवाब दें। सैनी ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की आमजन को जानकारी देकर विपक्षी दलों की उम्मीदों को धराशायी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विपक्षियों के गठबंधन से कार्यकर्ताओं के मनोबल पर कोई फर्क नहीं पडना चाहिए।
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री के अलावा सांसद सीपी जोशी, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच और के.के. विश्नोई सहित 200 विधानसभा क्षेत्रो के बूथ और लाभार्थी प्रभारी उपस्थित रहे।