जयपुर
प्रदेश में विधानसभा चुनावों की हार भूलकर भाजपा ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों को परवान चढाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही विधानसभा चुनावों में टिकट से महरूम रहे भाजपा नेताओं ने लोकसभा चुनावों के लिए ताल ठोकनी भी शुरू कर दी है। लोकसभा के संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर पार्टी ने गहन मंथन किया जा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि राज्य में आधा दर्जन से अधिक सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी बदल सकती है। बता दें कि फिलहाल राज्य की 25 सीटों में से 23 पर भाजपा के सांसद काबिज है वहीं अजमेर सीट रघु शर्मा के लोकसभा से इस्तीफा देने के कारण खाली हो गई है।
लोकसभा चुनावों के संभावित प्रत्याशियों को लेकर भाजपा मुख्यालय पर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि अजमेर, राजसमंद, बाड़मेर, जालोर-सिरोही के अलावा टोंक सवाई माधोपुर, अलवर तथा सीकर सीट पर भाजपा वर्तमान सांसदों के टिकट काट सकती है या उनकी सीट बदल सकती है।
जयपुर लोकसभा सीट पर बीजेपी में इस बार दीयाकुमारी की प्रबल दावेदारी मानी जा रही है। भाजपा नेताओं का मानना है कि यहां पार्टी रामचरण बोहरा पर दुबारा दांव खेल सकती है, इसके अलावा अरुण चतुर्वेदी या अखिल शुक्ला भी भाजपा के प्रत्याशी बन सकते हैं।
यहीं हाल अजमेर में है, यहां देहात जिलाध्यक्ष बी.पी. सारस्वत, पूर्व जिला प्रमुख सरित गैना और पूर्व विधायक भागीरथ चौधरी टिकट की दौड में हैं। राजसमंद सीट से भंवर सिंह पलाडा के अलावा राज्यवर्धन सिंह राठौड का नाम चर्चा में है। चर्चा है कि जयपुर शहर से दीयाकुमारी को टिकट दिया जाता है तो राज्यवर्धन सिंह को राजसमंद से चुनाव लडाया जा सकता है। राजसमंद भाजपा के लिए सेफ सीट मानी जा रही है।
इसके अलावा बाड़मेर-जैसलमेर सीट पर पूर्व विधायक छोटू सिंह भाटी, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व विधायक कैलाश चौधरी के अलावा पोकरण विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव हारे महंत प्रतापपुरी का नाम भी दौड में है वहीं जालोर.सिरोही लोकसभा सीट पर देवजी पटेल के अलावा पूर्व मंत्री और देवासी समुदाय के धर्म गुरु ओटाराम देवासी का नाम चर्चा में हैं। बारां झालावाड से सांसद दुष्यंत सिंह के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम सामने हैं। आलाकमान के निर्देश पर दुष्यंत के स्थान पर राजे यहां से चुनाव लड सकती है वहीं टोंक सवाई माधोपुर से पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल और सुखवीर सिंह जौनापुरिया का नाम चर्चा में हैं। अलवर में विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक रामहेत यादव टिकट की दौड में शामिल हैं।