जयपुर
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को नारायण सिंह सर्किल स्थित तोतुका भवन में आयोजित होगी। इसमें लोकसभा चुनावों में विजयी हुए सभी सांसदों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी के सदस्यता अभियान और संगठन चुनावों की रणनीति भी बनाई जाएगी।
भाजपा के राष्टï्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गत 13 जून को सभी प्रदेशाध्यक्षों और प्रदेश संगठन महामंत्रियों की बैठक बुलाई थी।
इस बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। शाह की बैठक में दिए गए निर्देशों को प्रदेश पदाधिकारियों को बताने और पार्टी के अभियान और कार्यक्रमों की जानकारी के लिए यह कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में सभी लोकसभा सांसदोंं के साथ ही राज्यसभा सांसदों को भी बुलाया गया है। इसके साथ ही डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाने और योग दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने बताया कि इस बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, ,प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, प्रतिपक्ष नेता गुलाबचन्द कटारिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल और कैलाश चौधरी उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला संगठन प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, सहप्रभारी, संयोजक व सह संयोजक, विधायक, जिला प्रमुख एवं महापौर, लोकसभा विस्तारक व विस्तारक सम्भाग प्रभारी, मोर्चों के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं मोर्चों के प्रदेशाध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभाग के प्रदेश प्रमुख, भाजपा मीडिया, प्रदेश प्रवक्ता एवं पैनालिस्ट सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।