भाजपा ने कहा दिल्ली वाले गहलोत बाबू-नींद से जागो, , अब तो जनता ने परमानेंट नकार दिया है
राजेन्द्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का किया पलटवार
जयपुर । भाजपा सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं काँग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पाने के लिए ये दोनों नेता मुंगेरी लाल के सपने देख रहे है, जो कभी पूरे नहीं होंगे। राजस्थान में अशोक गहलोत जब मुख्यमंत्री रहे तो काँग्रेस ने जनता को जमकर बेवकूफ बनाया। आमजनता को किस प्रकार बेवकूफ बनाया जाता है यह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूछे। अपने कार्यकाल में अशोक गहलोत पूरे चार साल नींद में सोने के बाद गहरी नींद की तंद्रा से जागे तब 2013 में चुनाव की चेतावनी घण्टी बजी तो जनता को साड़ी, कम्बल, साईकिल, मुफ्त दवा, लेपटॉप और तो और नकदी का लालच दिखाया। जनता ने काँग्रेस को विपक्ष के दर्जे लायक भी सीटें नहीं दी। स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधानसभा में एक शब्द भी नहीं बोले। असली विपक्ष तो देखने का मौका ही नहीं मिला। काँग्रेस को देश की जनता ने परमानेंट नकार दिया है। काँग्रेस के हाथ से पूरे देश में सत्ता फिसल गई तो अब सोशल मीडिया, झूठे पाखण्डी बयानों से अधिकारियों को चेतावनी देते रहते है या चुनावी चक्कलस की चासनी से भरे बयान जारी करते है।
राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की राजनीति से नकारा घोषित करते हुए केन्द्रीय काँग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दिल्ली में बड़ा बाबू बनाकर दिल्ली भेज दिया है, जो दिल्ली से बयान जारी करने में व्यस्त रहते है। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे प्रदेश की ऐसी मुख्यमंत्री है जो 18 घण्टे जनता के बीच संवाद तथा सरकारी कार्यों में व्यस्त रहती है, मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान चल पड़ा है। राजस्थान सरकार ने ‘‘समृद्ध किसान-उन्नत राजस्थान’’ की अवधारणा को साकार किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2022 तक सम्पूर्ण देश के किसान भाईयों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य भाजपा सरकारों के सामने है। उसी दिशा में राजस्थान सरकार किसानों के सपनों को साकार करने की दिशा में धरातल पर गाँव-गरीब-किसान को केन्द्रित रखकर कल्याणकारी किसान क्रान्ति योजनाओं को मूर्त रूप दे रही है। आजादी के पश्चात् प्रदेश में किसानों को लाभ पहुँचाने वाली योजनाओं का आगाज हुआ है। किसानों की कर्जा माफी करने का काम भाजपा सरकार ने किया। इन योजनाओं को किसानों ने भी सराहा है और दूसरी तरफ नकारा विपक्ष की भूमिका में ही दिखने वाली काँग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट जनता के बीच में जाकर झूठे सपने दिखाकर केवल मात्र सरकार विरोधी स्टेटमेन्ट जारी करने वाले नेता साबित हो रहे है। सचिन पायलट सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने वाले लाभार्थी जनता का मखौल भी उड़ा रहे है।
भाजपा केवल और केवल विकास करेगी
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन से आज सवा चार साल में प्रदेश को भामाशाह, रिफाईनरी, टोल माफी, किसान कर्जा माफी, कौशल विकास, सड़कों का जाल, मुफ्त दवा की सफल योजना, खुले में शौच से मुक्ति आदि जैसे आयाम स्थापित हुए है। वहीं भाजपा सरकार ने दलित उत्थान, उन्नत किसान, सशक्त महिलाऐं, स्वाभिमानी युवा, बढ़ते कारोबारी, उद्योगों को सरलता, स्मार्ट सिटीज में शुमार कर केन्द्रित रख काम किया है। काँग्रेस के नेताओं की आपसी लड़ाई एवं गुटबाजी जनता को दिख रही है एवं हम केवल और केवल विकास पर ध्यान केन्द्रित कर रहे है।
If you have any queries or any kind of feedback, use this Contact page to reach us directly!
Copyright By @ Dainik Reporters - 2022