जयपुर
भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की कार्यकारिणी में राजस्थान के केवल चार सांसदों को जगह मिली है। प्रदेश की लोकसभा तथा राज्यसभा की कुल 35 सीटों में से 34 पर भाजपा सांसद हैं। केवल एक लोकसभा सीट से भाजपा के सहयोगी दल आरएलपी के सांसद हैं।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूसरी पारी में राजस्थान का प्रतिनिधित्व घटाकर केवल तीन सांसदों को मंत्री पद दिया। मोदी की पहली पारी में प्रदेश से पांच लोकसभा सदस्य तथा दो राज्यसभा सदस्य मंत्रिमंडल में रहे। भाजपा संसदीय दल की कार्यकारिणी में भी केवल चार सांसदों को ही जगह मिल पाई।
बीकानेर से सांसद डॉ. अर्जुनराम मेघवाल को लोकसभा में गवर्नमेंट डिप्टी चीफ व्हीप का दायित्व दिया गया है। प्रदेश से राज्यसभा सदस्य नारायण लाल पंचारिया को राज्यसभा में पार्टी चीफ व्हीप की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश से राज्यसभा सदस्य भूपेंद्र यादव को राज्यसभा में सचिव का दायित्व दिया गया है। प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ओम प्रकाश माथुर को राज्यसभा में स्पेशल इनवाइटीज का पद दिया गया है।