
Jaipur News । राज्य में भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस भी अब प्रदेश भर में पार्टी दफ्तरों के भवन बनवाएगी। कांग्रेस ने सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर दफ्तरों के लिए अपने भवन बनाने का फैसला किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के दफ्तरों के भवन बनाने के लिए क्राउड फंडिंग का सुझाव दिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा से कहा है कि जनता से सहयोग लेकर पार्टी के भवन बनाने चाहिए। इससे लोगों का कांग्रेस के प्रति जुड़ाव बढ़ेगा।
शिवगंज नगर कार्यालय के लोकार्पण के मौके पर शनिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इसकी घोषणा की। नई कवायद के तहत कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय को भी मौजूदा जगह से शिफ्ट किया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश से लेकर जिला और ब्लॉक कार्यालयों के दफ्तरों के भवनों के लिए ट्रस्ट बनाने का विचार किया गया है। कांग्रेस के जिला और ब्लॉक स्तर पर बहुत से दफ्तर किराए पर चल रहे हैं। अब पार्टी ने सत्ता में रहते हुए प्रदेश भर में अपने दफ्तर बनाने का फैसला किया है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी मुख्यमंत्री गहलोत के इस विचार में हामी भरी है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यालय हमें सब जगह बनाने चाहिए। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यालय भी नई जगह शिफ्ट करना चाहिए।
यूडीएच मंत्री शांति धाारीवाल ने सभी पार्टियों को दफ्तरों के लिए जमीन आवंटन की नीति में संशोधन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी का ब्लॉक तो छोडि़ए, कई जिलों में अपने दफ्तर तक नहीं हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया भवन बनना चाहिए। वे खुद प्रदेश कांग्रेस के नए भवन के लिए जगह तलाश रहे हैं। पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भी इस मद्देनजर दो-तीन जगह दिखाउंगा। सभी पार्टियों को दफ्तर के लिए जमीन आवंटन की नीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नई जगह पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का भवन बनाकर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से उसका उद्घाटन करवाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस दफ्तरों के भवन बनाने के लिए क्राउड फंडिंग का सुझाव दिया है। इसके लिए उन्होंने खुद के प्रदेशाध्यक्ष रहने के दौरान किए गए कामों का हवाला भी दिया है।