टिकट से पहले भाजपा सभी सीटों पर दुबारा करेगी मंथन

liyaquat Ali
3 Min Read
photo bjp logo

 

जयपुर
लोकसभा चुनावों से पहले प्रदेश भाजपा प्रत्याशी चयन के लिए कमजोर मानी जा रही सीटों पर एक बार फिर सर्वे करवाएगी तथा कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी करेगी। इसके साथ ही अब तक के फीडबैक में और रायशुमारी में सामने आए नामों में दमदार व जिताऊ दावेदारों की अन्य जानकारियां भी मंगवाई जाएगी। इसका निर्णय बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में लिया गया। लोकसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की उपस्थिति में हुई बैठक में लोकसभा क्षेत्रवार चर्चा की गई तथा सभी सीटों पर पार्टी की स्थिति पर मंथन किया गया।
आम चुनाव की तिथियों की घोषणा के बाद पहली बार हुई बैठक को लेकर कयास थे कि प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया जाएगा लेकिन इसमें पार्टी की स्थिति पर चर्चा कर उम्मीदवारों का पैनल अगली बैठक के लिए छोड दिया गया।  इसके साथ ही बैठक में भाजपा संगठन को लेकर चर्चा की गई और केन्द्र की ओर से दिए गए कार्यक्रमों के फीडबैक की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने बताया कि कोर कमेटी सदस्यों ने लोकसभा चुनावों के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की है। इसमें कई सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर अन्य जानकारियां भी मंगवाई गई है। उनके आने के बाद पैनल बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा।  कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रचार शुरू किए जाने के सवाल पर सैनी का कहना था कि भाजपा ने तो विधानसभा चुनावों का नतीजा आने के बाद ही तैयारी शुरू की दी थी। इसके लिए पार्टी नेतृत्व के साथ बैठकर कैलेण्डर कार्यक्रम भी तय किया गया था। कांगे्रस भाजपा से पीछे थी और अब तो जनता के मन में भी पीछे हो गई है। केन्द्रीय मंत्रियों के सीट बदलने के सवाल पर सैनी ने कहा कि राजनीति में सभी की संभावनाएं रहती है। उन्होंने प्रदेश से प्रत्याशियों के पैनल तैयार कर दिल्ली भेजे जाने के प्रश्न पर कहा कि पैनल बनाने का कार्य होली के बाद शुरू किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा चुनाव प्रदेश सह प्रभारी सुधांशु त्रिवेदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना,  प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय मंत्री सी.आर.चौधरी, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, अरूण चतुर्वेदी,  नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनियां और पूर्व मंत्री यूनुस खान मौजूद रहे।
Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *