Jaipur news । प्रदेश में हाल ही आरएएस से आईएएस बने 14 अधिकारियों को प्रमोशन के बावजूद फिलहाल अपने मौजूदा पदों पर ही काम करना पड़ेगा। सरकार अभी आईएएस के पदों पर उनका पदस्थापन नहीं कर पाई है। कार्मिक विभाग ने मंगलवार को एक आदेश जारी कहा कि पदोन्नत हुए अधिकारी अग्रिम आदेश तक अपने मौजूदा पद पर ही काम करते रहेंगे।
केन्द्रीय कार्मिक मंत्रालय ने 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर राज्य प्रशासनिक सेवा के इन अधिकारियों को पदोन्नति के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति दी थी। इनमें महेन्द्र पारख, हृदेश कुमार शर्मा, लक्ष्मण सिंह कुडी, नलिनी कठोतिया, राजेन्द्र सिंह शेखावत, सोहन लाल शर्मा, मेघराज सिंह रत्नू, अनुप्रेरणा कुंतल, राजेन्द्र विजय, प्रकाश चंद्र शर्मा, शक्ति सिंह राठौड़, प्रज्ञा केवलरमानी , ताराचंद मीणा, हरिमोहन मीणा शामिल हैं।
प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए प्रमोशनों में से अधिकतर बार आईएएस बने अधिकारियों को पदोन्नति के साथ ही नया पदस्थापन नहीं मिल पाता है। इस बार प्रदेश के अधिकतर जिलों में नगर निगम और पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण भी सरकार नए स्थानांतरण और पदस्थापन नहीं कर पा रही है।