1 करोड़ बच्चों ने एक साथ देशभक्ति गीत गाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड 

Dr. CHETAN THATHERA
5 Min Read

 जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उपस्थिति में शुक्रवार को एसएमएस स्टेडियम में प्रदेश के सरकारी व निजी स्कूलों के 1 करोड़ विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। आजादी का अमृत महोत्सव के अर्न्तगत चल रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में शिक्षा विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से भाग लेकर देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन किया। 

देशभक्ति गीतों के सामूहिक गायन का बना विश्व रिकॉर्ड

आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत राज्य, जिला ब्लॉक व विद्यालय स्तर पर शिक्षा विभाग व कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 1 करोड़ बच्चों ने एक साथ देशभक्ति गीतों का गायन किया। बच्चों ने झण्डा ऊंचा रहे हमारा, सारे जहां से अच्छा, आओ बच्चों तुम्हे दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की, हम होंगे कामयाब जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों के साथ राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम‘ व राष्ट्रगान ‘जन गण मन‘ का भी गायन किया।

इस अवसर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड के उपाध्यक्ष प्रथम भल्ला ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को विश्व रिकॉर्ड का प्राविजनल सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जिसे मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों व समस्त प्रदेशवासियों को समर्पित किया। 

कार्यक्रम से प्रदेश में तैयार होगा नया वातावरण

मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने शिक्षा विभाग को बधाई देते हुए कहा कि 1 करोड़ से अधिक बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों के सामूहिक गायन से प्रदेश में एक नया वातावरण तैयार होगा। इन तरानों में संविधान की रक्षा, आपसी भाईचारे व देश की आजादी में दिए गए बलिदानांे सहित तमान भावनाएं समाहित है।

आज भारत में तीन चौथाई आबादी नौजवानों की है। नई पीढ़ी को इन गीतों के माध्यम से इन भावनाओं को आत्मसात करने का मौका मिलेगा। इससे प्रदेश के युवाओ में देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी के सान्निध्य में पं. जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे नेताओं द्वारा किए गए स्वतंत्रता आंदोलनों, भगतसिंह, चन्द्रशेखर आजाद, खुदीराम बोस जैसे नौजवानों द्वारा दिए गए बलिदानों के प्रति श्रद्धा, डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की रक्षा व साम्प्रदायिक सौहार्द्र की भावना मजबूत होगी।

गहलोत ने कहा कि सबसे पहले पं. जवाहर लाल नेहरू द्वारा 31 दिसंबर, 1929 में देश का राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा हमारा कर्तव्य है कि आजादी की 75वीं वर्षगाठ पर घर पर तिरंगा फहराकर अपने राष्ट्रभक्ति के संकल्प को मजबूत करें। हम सब अपने घरों पर तिरंगा फहराकर दुनिया को एक संदेश दंे कि हिंदुस्तान में राष्ट्रभक्ति का एक अनूठा जज्बा है।  

75 वर्ष में देश ने हासिल की शानदार उपलब्धियां

 मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि गत 75 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व तरक्की की है। जहां आजादी के समय देश में सुई का भी उत्पादन नहीं हो रहा था वहां आज विश्वभर में भारतीय उत्पादों का निर्यात हो रहा है। आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण पूरे विश्व में जाना जाता है।

पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से लेकर विज्ञान और तकनीकी शिक्षा में देश ने शानदार तरक्की की है। बड़े-बड़े बांधों के निर्माण से किसानों को सिंचाई जल मिला है और उनका जीवन स्तर सुधरा है। पड़ोसी देशों के विपरीत गत 75 वर्षों में देश में लोकतंत्र की जड़ें लगातार गहरी हुई है।

पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने प्राणों का बलिदान देकर विघटनकारी शक्तियों से देश की अखण्डता की रक्षा की। आजादी के 75वें वर्ष में राजस्थान शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में मॉडल स्टेट बनकर उभरा है। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों से गरीब विद्यार्थियों को निःशुल्क अंग्रेजी शिक्षा दी जा रही है। वहीं चिरंजीवी योजना से आम जनता को मंहगे से मंहगा इलाज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

शांति और भाईचारे से ही विकास संभव

 मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शांति व भाईचारे के माहौल में ही प्रदेश का समुचित विकास संभव है। नेहरू, गांधी, पटेल व मौलाना आजाद जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के नेतृत्व में देश ने अंग्रेजों से लड़कर स्वतंत्रता हासिल की है। एकजुटता, शान्ति, पारदर्शिता व विकासशीलता से ही देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को आपसी प्रेम तथा भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति व भाईचारे के अभाव में विकास ठप हो जाता है।

 

साभार सूजस

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम