उदयपुर
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने एक बार फिर दावा किया सीएम अशोक गहलोत अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएंगे। राहुल गांधी के कहने के बाद भी कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता हार की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। आश्चर्य की बात तो यह है कि बजट के बाद पीसी में गहलोत को यह बोलने की क्या जरूरत पड़ गई कि पूरे प्रदेश के लोग उन्हें ही मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, ऐसे में लगता है कि पार्टी के अन्दर ही कुछ तो चल रहा है। कटारिया रविवार को उदयपुर के भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
कटारिया ने साफ कहा कि हम प्रदेश में सरकार गिराने का प्रयास नहीं करेंगे, लेकिन अगर कोई अपने कर्मों से मरे तो हम क्या कर सकते हैं? उन्होंने प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर सीएम को आड़े हाथों लिया। नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार के बजट पर सीएम पर मेवाड़ को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गहलोत ने कई महत्वपूर्ण मांगों को छोड़कर मात्र एक ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 50 करोड़ की घोषणा की, जो कब, कहां और कैसे खर्च होंगे, उसका भी अता-पता नहीं है।
कटारिया ने सदस्यता अभियान पर कहा कि प्रत्येक वर्ग के लोगों को भाजपा की सोच के साथ जोडऩे का दावा किया। उन्होंने कहा कि किसी जमाने में भाजपा के 2 सांसद थे, जिन्होंने उस वक्त हार नहीं मानकर संघर्ष किया और उसी के दम पर आज केन्द्र से लेकर कई राज्यों में न केवल उनकी पूर्ण बहुमत की सरकार है, बल्कि भाजपा विश्व में सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं की पार्टी भी बनी है।