Dholpur News। देश के उत्तरी इलाकों में हुई बर्फवारी के असर के चलते शहर में मंगलवार की सुबह इस मौसम के पहले कोहरे और तेज सर्दी के नाम रही। कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरे का असर और बढेगा। उधर,सर्दी बढने के साथ ही लोगों ने गर्म कपडे निकाल लिए हैं। रात के तापमान में कमी आने से भी लोगों को सर्दी अहसास सताने लगा है।
मंगलवार सुबह जब लोगों ने आंखें खोलीं,तो उन्हें पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। शहर के बाहरी इलाकों तथा हाईवे पर कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिला। हालात ऐसे रहे कि कोहरे के कारण सडक तथा रले यातायात पर भी आंशिक असर पडा। कोहरे के कारण सुबह भ्रमण पर जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। तीर्थराज मचकुंड सरोवर इलाके में भी कोहरे का असर देखा गया। तीर्थराज मचकुंड सरोवर कोहरे के आगोश में लिपटा नजर आया। रात के तापमान में गिरावट आने के कारण आज सुबह लोगों को तेज सर्दी का अहसास भी हुआ। सर्दी से निजात पाने के लिए कुछ इलाकों में लोगों ने अलाव का सहारा भी लिया। सर्दी बढने के साथ ही अब रजाई भरने का काम शुरू हो गया है। वहीं लोगों ने गर्म कपडे निकाल लिए हैं। इसके अलावा बाजार में भी गर्म कपडों की बिक्री शुरू हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सैल्सियस बना हुआ है। मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में करीब दो डिग्री सैल्सियस की और गिरावट हो सकती है।