
Deoli News : देवली राजकीय अस्पताल में गत दिनों प्रसव के लिए भर्ती हुई महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना से हड़कंप मच गया। अस्पताल स्टाफ में बुधवार रात से ही अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
आरआरटी टीम प्रभारी डॉ राजकुमार गुप्ता ने बताया कि गत 25 मई को जहाजपुर तहसील के धुँआला गांव कि एक गर्भवती महिला प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई। महिला करीब 5 घंटे तक अस्पताल के वार्ड में रही। इस दौरान महिला के प्रसव होने के बाद उसके बच्चे की हालत गंभीर हो गई। जिसके बाद महिला व उसके बच्चे को टोंक रेफर कर दिया।
जहां उसका कोरोना सैंपल लिया गया। जिसकी बुधवार शाम आई रिपोर्ट में संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसकी सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसको लेकर गुरुवार को चिकित्सा विभाग की टीम ने 3 चिकित्सकों समेत अस्पताल स्टाफ के 13 कोरोना सैंपल लिया गया। इसी तरह शहर के विभिन्न स्थानों में आए 5 प्रवासी लोगों के बीच कोरोना सैंपल लिए गए। इसके अलावा अस्पताल के वार्डों को भी सैनिटाइज किया गया।