देश में आरएसएस का एजेण्डा लागू करना चाहता है केन्द्र : अशोक गहलोत

liyaquat Ali
4 Min Read

Jaipur news : सुप्रीम कोर्ट के सरकारी नौकरियों में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को पदोन्नति में आरक्षण मसले पर दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और केन्द्र सरकार पर हल्ला बोला है। पार्टी के देशव्यापी आंदोलन के तहत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (ashok gehlot) , उपमुख्यमंत्री प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट (sachin pilot) ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट सर्किल पर धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गहलेात ने कहा कि आरक्षण को लेकर केन्द्र की मंशा साफ नहीं है। केन्द्र सरकार आरएसएस का एजेंडा लागू कर देश को हिन्दू राष्टï्र बनाना चाहती है।

प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद यह चौथा अवसर है, जबकि मुख्यमंत्री खुद केन्द्र सरकार के खिलाफ आंदोलन में सीधे शामिल हुए हो। इससे पहले सीएए,आर्थिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन में मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। धरने के बाद गहलोत और पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात कर इस मसले पर राष्टï्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। धरने में मुख्यमंत्री प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, सचिव विवेक बंसल, मंत्री शांति धारीवाल, रघु शर्मा, मास्टर भंवरलाल मेघवाल, प्रताप सिंह खाचरियावास, रमेश मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने में शामिल कार्यकर्ता हाथों में डॉ.अंबेडकर और संविधान की चित्रों वाले पोस्टर हाथ में लिए हुए थे।

देश में माहौल ठीक नहीं :गहलोत

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देशभर में संदेश दिया कि बीजेपी और आरएसएस का एजेंडा ठीक नहीं है। छद्म राष्टï्रवाद के नाम पर देश की जनता को भड़काया जा रहा है। सीएए का विरोध करने पर यूपी के मुख्यमंत्री कहते हैं ऐसे नहीं मानेंगे तो गोली से मानेंगे। आज देश में माहौल ठीक नहीं है, माहौल को जानबूझकर बिगाड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज एससी-एसटी के लोगों के मन में संदेह है, शंका क्यों है, क्योंकि केंद्र सरकार एंजेडा अनुसार कुछ भी कर सकती है। गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एकतरफा फैसले लिए जा रहे हैं। लोगों का केंद्र सरकार पर विश्वास नहीं रहा। गहलोत ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण को लेकर राजस्थान ने नजीर पेश की है। केन्द्र को इसे लागू करना चाहिए।

धरना केन्द्र को सचेत करने के लिए: पायलट

उपमुख्यमंत्री पायलट ने कहा कि यह धरना केन्द्र की भाजपा सरकार को सचेत करने के लिए है, क्योंकि कोई भी विचारधारा या ताकत देश के नागरिकों के मूलभूत अधिकारों को खत्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अम्बेडकर ने आरक्षण का प्रावधान इसलिए किया था ताकि दलितों व पिछड़ों को मुख्य धारा से जोड़कर उनके जीवन स्तर को सुधारा जा सके। उन्होंने कहा कि यह कोई गरीबी हटाओ जैसा मामला नहीं है, यह तो एक सतत् प्रक्रिया है। इसके जरिये दलितों व पिछड़ों को अधिकार सम्पन्न बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा विभाजनकारी है,जो पूरे देश में द्वेषता फैलाकर स्वहित साधने के लिए काम करती है।

आरक्षण का अधिकार संविधान में नीहित:पाण्डे

राजस्थान प्रभारी पाण्डे ने कहा कि आरक्षण का अधिकार संविधान में नीहित है, जिसके साथ छेड़छाड़ करने के उद्देश्य से भाजपा सरकार काम कर ही है। आज सम्पूर्ण देश में अनिश्चय की स्थिति व्याप्त है और जनता असमंजस में है,क्योंकि केन्द्र की भाजपा सरकार की सभी नीतियां जनता की परेशानियां बढ़ा रही है। धरने में विवेक बंसल ने कहा कि आरक्षण को लेकर संघ खिलाफ है। मंत्री रमेश मीणा ने कहा कि राम मंदिर के लिए केंद्र ने इतने वकील लगाए, लेकिन एसटी,एसी आरक्षण के मुद्दों पर कोर्ट में कमजोर में पैरवी की। उन्होंने कहा कि दो अप्रैल के आंदोलन में एसीएसटी के खिलाफ मुकदमों को वापस ले सरकार।

Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.