जयपुर
शहर के सांगानेर इलाके में रविवार दोपहर दो बच्चे गुलर के बांध में डूब गए। यह बांध द्रव्यवती नदी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में दोनों बच्चे द्रव्यवती नदी में बहकर दूर तक चले गए। करीब दो घंटे बाद एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला। उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया मृतक बच्चों की पहचान समीर और शाहिद के तौर पर हुई है। इनकी उम्र 12-13 साल के बीच थी। बच्चे शिकारपुरा रोड, सांगानेर में रहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के बताया कि दोनों बच्चे द्रव्यवती नदी के किनारे घूम रहे थे। इसी दौरान उनकी चप्पल गुलर के बंधे के पानी में गिर गई। ऐसे में दोनों बच्चे पानी में जैसे ही चप्पल निकालने का प्रयास कर रहे थे,उनका पैर फिसल गया। वे तेज प्रवाह में बह रही नदी के साथ बहने लगे।
इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने पुलिस व आसपास के लोगों को सूचना दी। करीब साढ़े 12 बजे घटना का पता चला। तब पुलिस और सिविल डिफेंस व एसडीआरएफ की टीम पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों का बाहर निकाला गया। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।