
जयपुर।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से ईडी की लगातार पूछताछ के चलते पिछले दिनों करीब 1 सप्ताह तक दिल्ली में डेरा डाल चुके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का अब पूरा फोकस अपने गृह जिले जोधपुर पर है। इसी के चलते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज शाम 4.30 बजे तीन दिवसीय दौरे पर जोधपुर रवाना होंगे और 30 जून शाम 7 बजे जोधपुर से जयपुर पहुंचेंगे।
प्रदेश में डेढ़ साल के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव और बीते मई माह में जोधपुर शहर में दो समुदायों के बीच हुई हिंसा के बाद बढ़ रही दूरी को भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के तीन दिवसीय दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। विश्वस्त सूत्रों की माने तो अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर शहर में विभिन्न समाजों और वर्गों के लोगों के बीच दूरियां कम करने का प्रयास करेंगे। हालांकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आधिकारिक दौरे के दौरान विभिन्न शिलान्यास लोकार्पण और जनसुनवाई कार्यक्रम होने हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का फोकस लोगों के बीच दूरियां कम करने पर ही हैं। इस लिहाज से भी सीएम गहलोत का तीन दिवसीय दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
अप्रैल माह में भी सीएम लगातार कर चुके हैं मारवाड़ अंचल के दौरे
इससे पहले अप्रैल माह में भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मारवाड़ अंचल के जोधपुर,नागौर,जैसलमेर और बाड़मेर जिले के दौरे करके साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को साधने का प्रयास कर चुके हैं।
यह रहेगा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दौरा
दरअसल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज से 3 दिन के दौरे पर अपने गृह जिले जोधपुर जा रहे हैं।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान कई स्थानों पर लोकार्पण शिलान्यास और जनसुनवाई से कार्यक्रम करेंगे। सीएम गहलोत आज दोपहर 2 बजे विशेष विमान से जोधपुर के लिए रवाना होंगे और अपराह्न 3 बजे जोधपुर पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक भूजल विभाग परिसर में रीजनल कैंसर सेंटर और अन्य विकास कार्य का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
रात्रि विश्राम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर में ही करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को सुबह 11 बजे पाल रोड स्थित अमरगढ़ रिसोर्ट में दुर्गा प्रसाद चौधरी पत्रकारिता पुरस्कार समारोह में शिरकत करेंगे और उसके बाद दोपहर 12:30 बजे एक निजी होटल में हेल्थकेयर अचीवर्स सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोगों से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे।शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक निजी होटल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
30 जून को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक जोधपुर सर्किट हाउस में जनसुनवाई करेंगे। उसके बाद 11:30 बजे जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।शाम 4 बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुमेर शिक्षण संस्थान के संस्थापकों के स्मारक और विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और इसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना होंगे और 7 बजे जयपुर पहुंचेंगे।