सतीश पूनिया को चुनौती, ‘हिम्मत हो तो इस बार फिर आमेर से चुनाव लड़कर दिखाएं’

Sameer Ur Rehman
3 Min Read

जयपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भले ही अभी सवा साल का समय बचा हो, लेकिन सत्तारूढ़ कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। दोनों दलों के नेता एक दूसरे पर बयान देने का कोई मौका नहीं चूकते। ऐसे कई मौके आए हैं जब पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने एक दूसरे पर सियासी बाण छोड़े हैं। इसी बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया की ओर से कांग्रेस मुक्त भारत का बयान देने के बाद अब सिरोही से निर्दलीय विधायक और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार संयम लोढ़ा ने सतीश पूनिया पर पलटवार किया है। कई बार अपनों के साथ साथ नौकरशाही पर सवाल खड़े करने वाले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार संयम लोढ़ा ने अपने ट्वीट में सतीश पूनिया को बड़ी चुनौती भी दे डाली।

संयम लोढ़ा ने आज सुबह ट्वीट करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और आमेर से विधायक सतीश पूनिया पर निशाना साधते हुए लिखा कि “सतीश पूनिया जी दो बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद पहली बार ही चुनाव जीते हो, अगर हिम्मत हो तो इस बार फिर से आमेर से ही चुनाव लड़ना पता चल जाएगा कि कितना कांग्रेस मुक्त हुआ है आमेर विधानसभा क्षेत्र”।

संयम लोढ़ा ने अपने इस ट्वीट में मुख्यमंत्री अशोक गहलो, राजस्थान बीजेपी, राजस्थान कांग्रेस, अखिल भारतीय कांग्रेस और अखिल भारतीय बीजेपी को भी टैग किया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार संयम लोढ़ा के सतीश पूनिया पर जवाबी हमले के बाद ट्विटर पर भी लोगों ने सतीश पूनिया को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं और उन्हें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी है। हालांकि संयम लोढ़ा की इस चुनौती पर सतीश पूनिया का बयान सामने नहीं आया है।

यह कहा था सतीश पूनिया ने

दरअसल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कांग्रेस मुक्त भारत की बात की थी और कहा था कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही बीजेपी की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हमारे कांग्रेस मुक्त भारत के सबसे बड़े प्रचारक हैं।

कांग्रेस मुक्त भारत पर मुख्यमंत्री भी कई बार साथ चुके हैं निशाना

वहीं बीजेपी नेताओं के कांग्रेस मुक्त भारत के बयान पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी कई बार निशाना साध चुके हैं। कई बार सार्वजनिक मंचों पर भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बीजेपी के भारत मुक्त बयान पर निशाना साधते हुए कह चुके हैं कि देश कभी भी कांग्रेस मुक्त नहीं होगा, क्योंकि कांग्रेस और इस देश का डीएनए एक है, इसलिए भाजपा को किसी भ्रम में नहीं रहना चाहिए।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/