Jahazpur News(आज़ाद नेब) नगर पालिका अध्यक्ष पद के नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन आज चार जनों ने 6 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी धर्मराज के समक्ष प्रस्तुत किये। निर्दलीय के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद विष्णु सोनी ने नामांकन पत्र दाखिल कर बिखराव की स्थिति पैदा कर दी है।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व चेयरमैन एवं वर्तमान पार्षद नरेश मीणा ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया जिनके साथ मे प्रस्ताव के रूप में भाजपा पार्षद सीमा मीणा साथ में पहुंची। वही कांग्रेस की प्रमोद देवी शर्मा के साथ कांग्रेस के पार्षद इंदिरा माली नामांकन प्रस्तुत करने पहुंची। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के ही अनिल उपाध्याय ने भी अपना नामांकन दाखिल किया उनके साथ में नगर पालिका के सबसे युवा पार्षद मोहम्मद मुजम्मिल शेर आये।
निर्दलीय के रूप में अपना नामांकन प्रस्तुत करने आए विष्णु सोनी ने विधायक गोपीचंद मीणा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मथुरा में पंकज जी महाराज के सामने उन्होंने कहा था कि अगर भारतीय जनता पार्टी का पूर्ण बहुमत आता है तो सोनी जी को नगरपालिका का चेयरमैन बनाया जाएगा। विधायक अपने वादे से मुकर गए हैं इसलिए मैंने निर्दलीय के रूप में अपना नामांकन प्रस्तुत किया है। नगर में विष्णु सोनी के निर्दलीय के रूप में फार्म भरे जाने पर काफी चर्चा का विषय रहा। सोनी के साथ निर्दलीय पार्षद परवेज खान पहुंचे।
राजनीति सूत्रों के मुताबिक सोनी के साथ भारतीय जनता पार्टी के दो अन्य पार्षद भी हैं। और भारतीय जनता पार्टी को चेयरमैन से रोकने के लिए कांग्रेस विष्णु सोनी के साथ जा सकती है। गौरतलब है कि पूर्व में भी कांग्रेस पार्टी निर्दलीय विवेक कुमार मीणा के समर्थन में गई थी।