जयपुर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के पहले कार्यक्रम मन की बात को रविवार भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाकर सुनी। इस दौरान कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन, आकाशवाणी एवं अन्य चैनलों के माध्यम से पूरे देशभर में किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम के प्रति खासा उत्साह नजर आया। पीएम मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों से रूबरू होते नजर आए।
प्रदेश के सभी जिलों में जिला संयोजकों ने मण्डल स्तर पर कार्यकर्ताओं के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
इस कार्यक्रम में पीएम ने लोकतन्त्र के महापर्व में अपना अमूल्य योगदान देने के लिए चुनाव आयोग, देश के जवानों, पुलिस, युवा और आमजन को धन्यवाद दिया। उन्होंने पानी की समस्या को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण के पारम्परिक संसाधानों एवं स्त्रोतों के उचित उपयोग करने के लिए लोगों को जागरूक करने तथा पानी बचाने की मुहिम को एक जन आन्दोलन के रूप में चलाने का आह्नान किया। उन्होंने मुंशी प्रेमचन्द की लिखी हुई कहानियों के बारे में भी विस्तार से बताया।
मन की बात कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक चम्पालाल रामावत ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में विधायक वासुदेव देवनानी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर कार्यक्रम को सुना। उनके साथ विधायक रामलाल शर्मा, पूर्व विधायक फूलचन्द भिण्डा, पूर्व उपमहापौर मनीष पारीक, मीडिया सम्पर्क प्रमुख आनन्द शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने चूरू में, सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रमुख सतीश पूनिया ने धौलपुर में, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने उदयपुर में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं आमजन के साथ कार्यक्रम को सुना।