
जयपुर। कांग्रेस में एक ओर जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर काउंटडाउन शुरू हो चुका है तो वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रबल दावेदार बताया जा रहा है। इसी बीच चर्चा यह भी है कि अगर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो उनके स्थान पर मुख्यमंत्री कौन बनेगा?
इसे लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं खूब हैं। इसी बीच पूर्व डिप्टी सीएम और मुख्यमंत्री गहलोत के धुर विरोधी माने जाने वाले सचिन पायलट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें सचिन पायलट राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा के के दौरान चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो आज सुबह का बताया जा रहा है, जहां सचिन पायलट कोच्चि में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं। राहुल गांधी को सचिन पायलट के बीच चर्चा के भी कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि सचिन पायलट ऐसे समय में कोच्चि पहुंचे हैं जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी आज दोपहर बाद दिल्ली से कोच्चि पहुंचेंगे और भारत जोड़े यात्रा में शामिल होंगे।
साथ ही राहुल गांधी से अध्यक्ष बनने का आग्रह भी करेंगे। गौरतलब है कि पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को उनके समर्थक लंबे समय से मुख्यमंत्री बनाने की मांग छेड़े हुए हैं। ऐसे में राजस्थान कांग्रेस में आने वाले दिनों कई बड़े सियासी घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।