Ajmer News । विश्व खाद्य दिवस पर 16 अक्टूबर को अजमेर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर 6 हजार लोगों को नि:शुल्क भोजन करवाएंगे।
निगम के उपायुक्त गजेन्द्र सिंह रलावता ने बताया कि आयुक्त खुशहाल यादव की प्रेरणा से निगम के स्टाफ ने एक लाख 20 हजार रुपए की राशि एकत्रित की है। इस राशि के माध्यम से 16 अक्टूबर को निगम द्वारा संचालित इंदिरा रसोई के जरिए लोगों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। एक रसोई घर पर प्रतिदिन 600 जरुरतमंद लोग भोजन कर सकते हैं।
इस भोजन पर 20 रुपया खर्च होता है, चूंकि अजमेर में 10 स्थानों पर इंदिरा रसोई संचालित है, इसलिए 16 अक्टूबर को 6 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आम दिनों में जरुरतमंद लोगों को 8 रुपए में भोजन उपलब्ध होता है, लेकिन इसमें 12 रुपए सरकार सब्सिडी देती है। निगम के कार्मिकों ने तय किया है कि सब्सिडी की राशि भी दी जाएगी।