सदस्यता अभियान में भी भूमिका निभाएंगे भाजपा के विस्तारक, 10 हजार होंगे नियुक्त

शक्ति केन्द्र के क्षेत्र में विस्तारक अभियान अवधि के दौरान सात दिनों तक प्रवास करेगा और पार्टी के नए सदस्यों को जोडेगा

dainikreporters
photo bjp logo

जयपुर

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा में सदस्यता अभियान के लिए विस्तारक नियुक्त किए जाएंगे। इस बार पार्टी विधानसभा या लोकसभा खेत्र के स्थान पर प्रत्येक शक्ति केंद्र इकाई पर एक विस्तारक नियुक्त करेगी। इसमें शक्ति केन्द्र के क्षेत्र में विस्तारक अभियान अवधि के दौरान सात दिनों तक प्रवास करेगा और पार्टी के नए सदस्यों को जोडेगा।

भाजपा ने लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के लिए विस्तारक योजना लागू की थी। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा व लोकसभा क्षेत्र में एक विस्तारक नियुक्त किया गया था। विस्तारक को सम्बंधित विधानसभा क्षेत्र में चुनाव समाप्त होने तक पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई थी। अब यही कार्यक्रम सदस्यता अभियान में लिए भी लागू किया गया है। भाजपा ने प्रत्येक पांच पोलिंग बूथ पर शक्ति केंद्र इकाई बनाई है। प्रदेशभर में भाजपा की करीब दस हजार शक्ति केंद्र इकाई है। भाजपा अपने दस हजार कार्यकर्ताओं को शक्ति केंद्र में विस्तारक बनाएगी।

सोश्यल मीडिया प्लेटफार्म जैसे ट्वीटर, फेसबुक, वाट्सएप के माध्यम से भी भाजपा लोगों को सदस्य बनाने का प्रयास

ये विस्तारक सात दिन तक आवंटित क्षेत्र में रहेंगे और सदस्यता अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे। भाजपा ने सदस्यता अभियान के लिए इस पर विशेष तैयारी की है।
सदस्यता अभियान के तहत नए सदस्यों को जोडने के लिए भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न मंचों का उपयोग करेंगे। इसमें सोश्यल मीडिया प्लेटफार्म जैसे ट्वीटर, फेसबुक, वाट्सएप के माध्यम से भी भाजपा लोगों को सदस्य बनाने का प्रयास करेगी। साथ ही नुक्कड नाटक, वॉलपेंटिंग, सेमीनार, कॉन्फ्रेन्स, कविता लेखन और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा के नए सदस्य बनाए जाएंगे।

सदस्यता अभियान में पार्टी के अग्रिम मोर्चों की प्रमुख भागीदारी रहेगी। इसके लिए सभी मोर्चों ने जिलास्तर पर अभियान के लिए संयोजक बनाए हैं। अभियान के तहत नए सदस्य बनाने की रणनीति तय करने के लिए पार्टी ने गुरूवार को अग्रिम मोर्चों की बैठक बुलाई है।

जिलों के अध्यक्ष और अभियान के लिए बनाए गए जिलों के संयोजक व सह संयोजकों को बुलाया गया

बैठक में भाजपा का युवा, किसान, महिला, ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ ही सभी जिलों के अध्यक्ष और अभियान के लिए बनाए गए जिलों के संयोजक व सह संयोजकों को बुलाया गया है। दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में होने वाली इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर,अभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक अरुण चतुर्वेदी और प्रदेश संयोजक सतीश पूनिया व सह संयोजक सीपी जोशी मौजूद रहेंगे।  बैठक में हर मोर्चे को अभियान के लिए टारगेट दिया जाएगा। अभियान की विधिवत शुरुआत पूरे देश में 6 जुलाई से होगी।