जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता राजस्थान में एक बार फिर सरकार बनाने के प्रति पूर्ण आश्वस्त है। राजे और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को दावा किया कि भाजपा प्रदेश मेे पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इसके लिए रविवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रदेश कोर कमेटी और चुनाव प्रबन्धन समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी भाग लिया। बैठक में भाजपा को पूर्ण बहुमत नही मिलने की स्थिति के बाद निर्दलीयों से संपर्क करने सहित कई मुददो पर चर्चा की गई। इसके साथ ही बैठक में 11 दिसम्बर को मतगणना के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई और पार्टी कार्यकर्ताओं को मतगणना के दौरा सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है। इसके साथ ही सभी जिलों में एक वरिष्ठ भाजपा नेताओं को तैनात किया गया है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी एवं अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कमेटी ने करीब ढाई घंटे तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदान की समीक्षा की। साथ ही मतगणना के लिए रणनीति तैयार की है।
जीतने वाले निर्दलीयों पर चर्चा
बैठक में ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई, जो जीतने की स्थिति में है। राजे ने पार्टी नेताओं से कहा कि मतगणना के दौरान सभी कार्यकर्ता सावधान एवं सतर्क रहे। सभी मतगणना एजेंटों को चुनाव आयोग के नियमों की जानकारी दी जाए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री राजे ने मीडिया से कहा कि मै कॉन्फिडेंट हूं कि भाजपा जीतेगी। मीटिंग में हमने मतगणना को लेकर चर्चा की है। मतगणना के लिए हमारे पोलिंग एजेंट को लेकर बातचीत की गई।
हम पूर्ण बहुमत लेकर आएंगे
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। हमे सरकार बनाने के लिए किसी अन्य की जरुरत नहीं पडेगी। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। हम विधानसभा चुनाव के लिए अपने तय लक्ष्य की ओर बढ रहे है। निर्दलीय प्रत्याशियों से सम्पर्क के जवाब में शेखावत ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ निर्दलीयों के सम्पर्क में है। वर्तमान स्थिति में हमे सरकार बनाने के लिए किसी की जरूरत नहीं पडेगी। हम अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में है। हम सब ने मिलकर चुनाव का विश्लेषण किया है। हम प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। आज हमने बैठक में मतगणना के लिए स्ट्रेटिजिक प्लानिंग की है। बैठक में कोर कमेटी ने तय किया है कि पार्टी का एक वरिष्ठ कार्यकर्ता मतगणना के दौरान एक जिले में रहेगा और मतगणना की बारिकी से मॉनिटरिंग करेगा।
टैक्सी लेकर आई सीएम
बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे साधारण कार टैक्सी भाजपा कार्यालय आई, लेकिन वापसी में खुद की गाड़ी में बैठकर गईं। राजे के पहुंचने के तीन मिनट बाद उनका काफिला प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचा। कार टैक्सी एक होटल की बताई जा रही है। बैठक के बाद जाते हुए उन्होंने मीडिया से बात भी की और कहा कि आप यदि यह पूछ रहे हैं कि सरकार बना रहे हैं तो हम सरकार बना रहे हैं।