बूंदी नगर परिषद सहित सभी 6 निकायों में कांग्रेस प्रत्याशी जीते, भाजपा का सूपड़ा साफ

Dr. CHETAN THATHERA
3 Min Read

Bundi News। जिले की बूंदी नगर परिषद सहित पांच नगर पालिकाओं में सभापति व पालिकाध्यक्षों के लिए हुए मतदान में कांग्रेस का परचम फहराया। सभी छह नगर निकायों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया। सुबह निर्धारित समय मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। दोनों ही दलों से जुड़े पार्षद समूहों में मतदान करने पहुंचते रहे। मतदान सम्पन्न होने के बाद मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। उसके बाद जैसे जैसे परिणामों की घोषणा होती रही अलग अलग स्थानों पर जश्न का माहौल बन गया।

नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की बम्पर जीत से जिलेभर के कांग्रेसजन काफी उत्साहित नजर आए। 60 पार्षदों वाली बूंदी नगर परिषद में लम्बे समय बाद कांग्रेस का कब्जा हुआ है। यहां कांग्रेस की मधु नुवाल सभापति बनीं है। मधु ने भाजपा की सरोज अग्रवाल को हराया। यहां कांग्रेस के पास 28 व बीजेपी के पास 24 पार्षद थे। जबकि 8 निर्दलीय जीत कर आए थे। कांग्रेस को जीत के लिए 3 निर्दलियों की जरूरत थीं। भीतरघात की संभावना के चलते कांग्रेस ने रणनीति से काम किया। भीतरघात के बावजूद कांग्रेस की रणनीति सफल हुई। रविवार को हुए मतदान में कांग्रेस की मघु नुवाल को 31 वोट, जबकि भाजपा की सरोज अग्रवाल को 29 वोट मिले।

केशवरायपाटन में कांग्रेस के कन्हैयालाल कराड़ चेयरमैन बने है। उन्होंने भाजपा के रामनारायण मेघवाल को 7 मतों से परास्त किया। 25 पार्षदों वाली केशवरायपाटन नगरपालिका में कांग्रेस को 16 व भाजपा को 9 वोट मिले। केशवरायपाटन में लंबे समय बाद कांग्रेस प्रत्याशी पालिका चेयरमैन बन पाया है।

इसी तरह 25 सदस्यों वाली नैनवां नगर पालिका में कांग्रेस का परचम लहराया है। यहां कांग्रेस की प्रेमबाई गुर्जर चेयरमैन पद पर विजयी रही। उन्होंने भाजपा की सरिता नागर को 5 वोटों से पराजित किया। कांग्रेस को 15 व भाजपा को 10 वोट मिले।

इसके अलावा 25 पार्षदों वाली कापरेन नगर पालिका में कांग्रेस का कब्जा हुआ है। यहां कांग्रेस के हेमराज मेघवाल चेयरमैन बने है। उन्होंने भाजपा के गिरिराज खींची को परास्त किया। यहां कांग्रेस को 15 व बीजेपी को 10 वोट मिले है। इंद्रगढ़ में नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के बाबूलाल बैरवा जीते। कांग्रेस के बाबूलाल बैरवा को 13 वोट मिले। बीजेपी के पूरनमल को 7 मत मिले। यहां कुल 20 वार्ड हैं।

लाखेरी नगर पालिका में लगभग दो दशक बाद कांग्रेस अपना चेयरमैन बना पाई। यहां कांग्रेस की आशा शर्मा नगर पालिका अध्यक्ष बनीं है। यहां चेयरमैन पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से कांग्रेस को 20, भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रेणु हाड़ा को 10 व निर्दलीय उम्मीदवार को 5 वोट मिले।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम