भरतपुर/ राष्ट्रीय बारिका दिवस पर कल चिकसाना थाना क्षेत्र मे एक युवती अपने पिता के साथ मिलकर घर मे घुसे हथियारबंद लूटेंरो से भिड गई लेकिन लूटेरो पिता – पुत्री पर हमलाकर उन्हे घायल कर पौने 5 लाख रुपए लूटकर भागने मे सफल रहे ।
घटना शहर के कच्चा बाग़ इलाके की है। पीड़ित व्यक्ति श्याम सिंह की कल घर पर उसकी बेटी और वह अकेले थे। बेटी रुचि रात करीब 12 बजे तक पढ़ाई कर रही थी। जैसे ही बेटी ने पढ़ाई कर सोने के लिए लाइट बंद की तो कमरे में चार बदमाश घुस आये। कमरे में बदमाशों के घुसने की आहट से श्याम सिंह जाग गया।
श्याम सिंह ने लुटेरों से उनके बारे में पूछा तो उन्होंने बताया की वह मजदूरी करते हैं और उन्हें पैसे चाहिए जिसके बाद श्याम सिंह ने कहा की उसके पास पैसे नहीं हैं वह गाड़ी और ट्रैक्टर ले जा सकते हैं। इतने में ही चारों बदमाशों ने श्याम सिंह के ऊपर हमला कर दिया।
शोर की आवाज सुन श्याम सिंह की बेटी रुचि भी जाग गई और वह भी लुटेरों से भिड़ गई। रुचि ने भी चारों लुटेरों का जमकर मुकाबला किया। दोनों पिता और बेटी लुटेरों से करीब 15 मिनट तक झगड़ते रहे, लेकिन बदमाशों ने पिता और बेटी के सर पर लोहे के सरिया से हमला कर दिया जिससे वे दोनों घायल हो गए। लुटेरों ने बेड की तलाशी ली जिसमें 4 लाख 76 हजार रुपये रखे हुए थे, उन्हें लुटेरे ले गए।
लूट के बाद लुटेरे चले गए जिसके बाद घायल पिता और बेटी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आज शाम मामला दर्ज किया गया।
श्याम सिंह के अनुसार आरोपी घर की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। लुटेरों के पास कट्टा, धारदार हथियार और कुछ औजार थे। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।