नई दिल्ली। त्योहारी सीजन से पहले रेल कर्मियों को 78 दिनों का वेतन बोनस के रूप में मिल सकता है। पिछले वर्ष भी कर्मचारियों को इतना ही बोनस दिया गया था। रेलवे बोर्ड ने 2017-18 के लिए अपने कर्मचारियों को उत्पादकता-लिंक बोनस के रूप में 78 दिनों के बोनस का प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव को मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद घोषणा की जाएगी।
पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए रेल कर्मियों को बोनस महत्व रखता है। अगले वर्ष आम चुनाव को देखते हुए भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के बाद सरकार इसकी घोषणा कर सकती है। हर साल दशहरा से पहले 12.26 लाख रेल कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किया जाता है। इन कर्मचारियों में रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे सुरक्षा विशेष बल के कर्मचारी शामिल नहीं होते हैं।