नई दिल्ली,। रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में फेसबुक पर वीडियो डालकर आपत्तिजनक बात कहने पर एक घोषित बदमाश की पीटकर हत्या करने के मामले में फरार दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों बदमाश प्रेम नगर थाने के घोषित बदमाश हैं और दोनों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस हत्या के मामले में दो आरोपितों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त पी के मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान किराड़ी सुलेमान नगर निवासी गौरव(२८) और अमन विहार निवासी सावन(25) के रूप में हुई है। 30 दिसंबर की रात पुलिस को बेगमपुर निवासी सुभाष की पीटकर हत्या करने की सूचना मिली। जांच में पता चला कि सुभाष इलाके का घोषित बदमाश था और आपसी रंजिश में उसे प्रेम नगर थाने के घोषित बदमाश गौरव व उसके साथियों ने हत्या की है। छानबीन करने के बाद पुलिस ने टिंकू और मनीष नाम के आरोपितों को गिरफ्तर कर लिया। जबकि मुख्य आरोपित फरार था। बेगमपुर थाना प्रभारी जयभगवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक टीम को गौरव के फतेहाबाद के जाखड़ भेजा जहां गौरव का ससुराल था। पत्नी से पूछताछ और गौरव का फोन नंबर लेकर पुलिस ने उसे सर्विलांस पर लगाया और पंजाब से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी सावन को उसकी गर्लफ्रेंड की मदद से द्वारका मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
गौरव ने बताया कि सुभाष एक झपटमार था। उसने उसके चाचा से दो सौ रुपये झपट लिये। जब उसके चाचा ने गौरव का नाम लिया तो सुभाष ने उसके चाचा से बदसलूकी की। साथ ही उसने फेसबुक पर एक वीडियो बनाकर डाला जिसमें उसने उसे इलाके में खुलेआम चैलेंज किया था। वीडियो देखने के बाद अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनायी।