जयपुर
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने राज्य के थैलेसीमिया पीडि़त मरीजों को राहत प्रदान करवाने के सम्बन्ध में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा है। खन्ना ने अपने पत्र में बताया है कि प्रदेश के थैलेसीमिया से पीडि़त रोगियों को दवाईयां उपलब्ध नहीं हो रही है। इससे मरीजों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। अनेक मरीजों की जान संकट में है। ऐसे में सरकार की तरफ से इस विषय के निराकरण के शीघ्र प्रयास किए जाएं।
उल्लेखनीय है कि थैलेसीमिया के मरीजों के उपचार में काम आने वाले डेस्फेरल इंजेक्शन की सप्लाई भी लंबे समय से बंद है। महंगी कीमत के इन इंजेक्शनों को खरीदना सामान्य मरीजों के लिए बहुत मुश्किल है। एक मरीज को एक महीने में लगभग 40 से 50 डेस्फेरल इंजेक्शन की आवश्यकता रहती है।
सरकार की तरफ से सप्लाई बंद होने के कारण थैलेसीमिया के मरीज तथा उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड रहा है। अविनाश राय खन्ना ने थैलेसीमिया पीडि़तों के कष्ट के निवारण के लिए केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है।