जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने 6 हजार कांस्टेबलों को पदोन्नति के साथ ही बीमा योजना की सौगात भी दी है। उन्होंने कांस्टेबल से लेकर पुलिस महानिदेशक तक के लिए दोहरी बीमा योजना राशि में 10 गुना बढ़ोतरी की घोषणा की है। राज्य पुलिसकर्मियों की इस बीमा योजना में यह बढ़ोतरी 27 साल बाद की गई है। राजे ने राजस्थान पुलिस अकादमी में बुधवार को राज्य स्तरीय पुलिस पदोन्नति समारोह में यह घोषणा की।
यह रहेगी प्रक्रिया
कांस्टेबल से हैड कांस्टेबल तक 20 लाख रुपएए एएसआई से पुलिस निरीक्षक तक 40 लाख और उपाधीक्षक से पुलिस महानिदेशक तक 60 लाख रुपए का दोहरा बीमा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भविष्य में भी कांस्टेबलों को प्रमोशन मिलते रहेंगे और कोई कांस्टेबल बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को कहा कि राजस्थान पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस फोर्स बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने 15 नव पदोन्नत हैड कांस्टेबलों को वर्दी पर फीत पहनाई। उन्होंने एशियन गेम्स 2018 के मैडल विजेता पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया।