पटना। बिहार के खगड़यिा जिले में परबत्ता थाना क्षेत्र के दुधैला बहियार में हुई मुठभेड़ में थाना प्रभारी शहीद हो गए तथा दो बदमाश मारे गए। देर रात सूचना मिली थी दुधैला बहियार में कुख्यात दिनेश मुन्नी गिरोह के सदस्य एक बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से जमा हुए हैं। जानकारी मिलने के बाद पसराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने उनपर गोलियां चलानी शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। घटना में पसराहा थाने के प्रभारी आशीष कुमार सिंह (35) शहीद हो गए तथा एक अन्य पुलिसकर्मी दुर्गेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ में दो अपराधी भी मारे गए हैं, जिनकी तत्काल पहचान नहीं की जा सकी है। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया है। भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक विकास वैभव समेत अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं।