इंदौर। मासूम बच्चियों का यौन शोषण करने वाले आरोपी प्यारे मियां का घर नगर निगम ने इस लिए नेस्तनाबूद कर दिया कि उसमें शक्तिवर्धक दवाएं मिली थी। प्यारे मियां के लालाराम नगर स्थित मकान को शुक्रवार को पुलिस और नगर निगम की टीम ने जमींदोज कर दिया। निगम के कर्मचारी जब सामान हटाने के लिए कमरों में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। यहां पर बार में एक से बढक़र एक मंहगी विदेशी शराब सजी हुई थी। इसके अलावा आलमारी से आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलीं। टीम जब बंगले की छत पर पहुंची तो यहां पर लग्जरी पेंट हाउस बना था, जहां पर ऐशो आराम की सभी वस्तुएं मौजूद थीं। पुलिस ने सभी वस्तुओं को बाहर निकालकर घर को जेसीबी और पोकलेन की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त करवा दिया।
नगर निगम उपायुक्त लता अग्रवाल ने बताया कि प्यारे मियां के लालाराम नगर स्थित आलीशान मकान को तोड़ा गया है। इस तीन मंजिला मकान की छत पर प्यारे ने पेंट हाउस बना रखा था, जिसमें आलीशान बीयर बार था। महंगी विदेशी शराब की कई बोतलों के साथ ही आपत्तिजनक सामग्री, शक्तिवर्धक दवाएं मिली और सांभर के सींग भी मिले हैं।
निगम के जोनल अधिकारी नागेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि प्यारे का मकान नक्शे के विपरीत बना हुआ था। यहां से एक तलवार भी मिली है। पुलिस को पता चला था कि पलासिया के लालाराम नगर स्थित अपने बंगले पर प्यारे मियां कई नाबालिग लड़कियों को भोपाल से लेकर आ चुका है। नाबालिग लड़कियों को बंगले पर लाने के बाद उन पर दबाव बनाकर उनसे बलात्कार करता था। बालिकाओं के बयानों के बाद भोपाल पुलिस ने इंदौर पुलिस को प्यारे मियां के खिलाफ तीन नए मामले दर्ज करवाने के लिए जांच डायरी इंदौर भेजी थी। इतना ही नहीं पुलिस भोपाल से पीडि़त लड़कियों को इस बंगले में लेकर पहुंची थी।