इंदौर। पुलिस ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को काले झंडे दिखाने का प्रयास कर रहे युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। ये लोग बुजुर्गों के साथ नगरनिगम की अमानवीयता को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
भारतीय जनता पार्टी की नई कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान रविवार को इंदौर पहुंचे। इस दौरान युवक कांग्रेस उनको काला झंडा दिखाना चाहती थी। नगर निगम द्वारा बुजुर्गों को निगम सीमा से बाहर शिप्रा में छोड़ने के विरोध में युवक कांग्रेस ने काले झंडे दिखाने का ऐलान किया था। रविवार को रमीज खान अपने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन करने के लिए जा रहे थे। जहां रमीज खान और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक दिन पहले रमीज खान ने सोशल मीडिया पर अपने युवा कांग्रेसियों को एकत्रित होने का संदेश दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें होम अरेस्ट करने की कोशिश की थी।