29 सितम्बर को शनिदेव होंगे मार्गी अशुभ फलों में आयेगी कमी-शास्त्री

Dr. CHETAN THATHERA
11 Min Read

न्यायाधिपति दण्ड नायक शनिदेव 29 सितम्बर मंगलवार को प्रात: 10.42 बजे मकर राशि उतराषाढ़ा नक्षत्र के दूसरे चरण में मार्गी हो रहे हैं। इस समय चन्द्र देव, शतभिषा नक्षत्र कुंभ राशि में विचरण करेगें, शनि देव 11 मई सोमवार को प्रात: 9.39 बजे वक्री हुए थे। इन 142 दिनों के अपने वक्रत्व काल में शनि देव ने पूरी सृष्टि में उथल-पुथल मचाकर रख दी। पूरी दुनिया जहां कोरोना महामारी से पीडि़त होकर आज भी जूझ रही है, वहीं भारत के अपने पड़ोसी देश चीन से युद्ध जैसे हालत चल रहे हैं। इस दौरान लोगों को बड़े आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ा, तथा मानसिक आर्थिक समस्याएं पैदा हो गई, कई लोगों के बिजनेस ठप हो गए तो, कई लोगों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी। अब शनि देव पुन: अपनी ही राशि में मार्गी होने जा रहे हैं जिससे अशुभ प्रभावों में कमी आएगी, लोगों को रोगों से राहत मिलेगी, आर्थिक संकटों में कमी आएगी। धन्धा कार्य व्यवसाय में बढ़ोतरी होगी।

मनु ज्योतिष एवं वास्तु शोध संस्थान टोंक के निदेशक महर्षि बाबूलाल शास्त्री ने बताया कि वर्तमान में गोचर में माह सितम्बर में देव गुरु बृहस्पति 13 सितम्बर को धनु स्व राशि में मार्गी हुए है, राहु वृष राशि केतु वृश्चिक राशि में राशि परिवर्तन हुआ है, इनके प्रभाव से संकटों से छुटकारा मिलने की सम्भावना बढ़ेगी। शनि के गोचर, साढ़ेसाती और महादशा का हमारे जीवन पर बहुत गहरा असर होता है। इसके प्रभाव से न सिर्फ मनुष्य बल्कि प्रकृति में भी परभाव पड़ता है जिनके शनि की ढैय्या, साढ़े साती चल रही हो उन को शनि अपनी स्व राशि में होने से अनिष्ट कारी नहीं है फिर भी, दोष निवारण करने से फलों में शुभता मिलती है।


बाबूलाल शास्त्री ने राशि अनुसार शनि देव का फल बताया कि मेष राशि के दशम भाव में शनि मार्गी होगा। पिछले 142 दिनों से बना हुआ आर्थिक संकट दूर होगा। नौकरी में जो तनाव और उतार-चढ़ाव बना हुआ है वह कम होगा। रोगों से मुक्ति मिलेगी। आजीविका का संकट दूर होगा। स्थितियां अनुकूल होने लगेंगी। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति प्राप्त होगी। विवाह का योग बनेगा। पारिवारिक जीवन में बना हुआ तनाव सूझ-बूझ से कम होगा। आपके द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों का शुभ परिणाम मिलेगा। वृष राशि के नवम भाव में शनि मार्गी होने जा रहे हैं, यह भाग्य भाव है।

यहां शनि के मार्गी होने से आपको भाग्य का साथ तो मिलेगा एवं पूर्व में किए गए शुभ कर्मों और दान का परिणाम शुभ मिलेगा। परिवार और दोस्तों के साथ मधुर संबंध बनाकर रखें। अपनी वाणी में मधुरता लाएं। परिवार में आपको मान सम्मान मिलेगा। बिजनेस और नौकरी में लाभ मिलेगा। अपनी पसंद का काम मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। भविष्य के लिए आपने जो भी तैयारी कर रखी है, उसे और मजबूत कर लें। भाग्योदयाकारी योग बनेंगे, आर्थिक रूकावटें खत्म होंगी। साझेदारी में किए गए बिजनेस से लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा, पारिवारिक सहयोग अच्छा मिलेगा।

मिथुन राशि के जातकों के अष्टम भाव में शनि मार्गी हो रहा है। इस राशि के स्वामी बुध, शनि के मित्र हैं, इसलिए कुछ मामलों में राहत रहेगी, लेकिन कुछ मामलों में परेशानी उठानी पड़ सकती है कोई भी काम करें, पहले उसके लिए जानकारी कर लें। बिना सोचे-समझे या बगैर भविष्य की योजना बनाए कोई भी काम शुरू कर देना नुकसान दे सकता है। आपकी राशि पर शनि की ढैया चल रही है। इसलिए काम पर फोकस करें। बेवजह के कार्यों में समय और धन खर्च ना करें। इस दौरान धन संबंधी परेशानी आ सकती है, जीवन साथी का प्रेम पाना है तो उनके परिजनों को साथ लेकर चलना होगा।

कर्क राशि के सप्तम भाव में शनि मार्गी हो रहा है, लेकिन परिस्थितियों को अपने अनुकूल बनाने के आप प्रयास करेंगे तो लाभ होगा। प्रेम संबंधों को विवाह में बदलने के लिए परिवार का सहयोग लेना पड़ेगा। युवाओं को अपने कॅरियर पर ध्यान देना है। यदि आप कोई बिजनेस करना चाहते हैं तो शनि से संबंधित काम में अच्छा लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आपका भाग्य मजबूत रहेगा। नए रिश्ते संबंध बनेंगे। अचानक कहीं यात्राएं करना पड़ सकती है।

सिंह राशि के जातकों के लिए शनि छठे भाव में मार्गी होने जा रहा है। यह भाव रोग, शत्रु और कर्ज का स्थान है। आप लंबे समय से अगर रोगों से जूझ रहे हैं तो आपको उसमें राहत मिलने वाली है। कर्ज से परेशान हैं तो ध्यान रखिए कर्ज पूरी तरह समाप्त नहीं होगा, लेकिन आय के नए स्रोत मिलने से वृद्धि होगी। इस दौरान शत्रु आपका कुछ बिगाड़ नहीं पाएंगे। हालांकि वह कोशिश बहुत करेंगे। कॅरियर, जॉब, बिजनेस में चुनौतियां बहुत आएंगी लेकिन आप आत्मविश्वास के साथ आगे सघर्ष कर बढेगें।

कन्या आपके लिए शनि पांचवें घर में मार्गी होंगे। यहां संतान और शिक्षा का भाव है। शिक्षा का समय अनुकूल आ रहा है। वक्री शनि के कारण शिक्षा के क्षेत्र पर बुरा असर पड़ा था पारिवारिक जीवन में अपनी संतानों के मन में चलकर बातों को समझना होगा। उनसे दोस्त बनकर व्यवहार करें। किसी भी प्रकार की तनावपूर्ण बातें उनके साथ आपके संबंध बिगाड़ सकती है। लव पार्टनर के साथ आपके रिश्तों में सुधार आएगा।

तुला आपकी राशि पर पहले से शनि का लघु कल्याणी ढैया चल रहा है और शनि आपके चतुर्थ स्थान में मार्गी होने जा रहा है। यह सुख स्थान है। इसलिए संभव है आपके सुखों में वृद्धि करे। शनि के वक्री होने के समय से आपको जिन आर्थिक, पारिवारिक और सामाजिक संकटों का सामना करना पड़ा, गंभीर रोगों से परेशान रहे, उनमें अब आपको राहत मिलने वाली है, लेकिन ध्यान रखें, अभी एकदम से सब कुछ ठीक नही होने वाला, आपको धैर्य रखना होगा। सतर्कता और सावधानी रखना होगी। अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए आपने जो प्रयास किये उसका शुभ फल मिलने वाला है।

वृश्चिक आपके लिए शनि तृतीय स्थान में मार्गी होने जा रहा है। पराक्रम भाई-बहन के घर में मार्गी रहेंगे। इस दौरान आपका आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। भाई-बहनों से संबंध अच्छे रहेंगे। प्रेम संबंधों में टकराहट आ सकती है, इससे बचने के लिए अपने पार्टनर पर किसी प्रकार का शक करने से बचें। कार्यों में आलस्य करना मुश्किलों में डाल देगा। कार्य और जॉब में परिवर्तन की संभावनाएं हैं। ऐसे लोगों से दूर रहें जो हर वक्त आपका हौसला पस्त करने की कोशिश करते हों। यदि बिजनेस को करने के लिए यदि आप कर्ज लेने जा रहे हैं तो अपनी सीमाओं का ध्यान रखते हुए ही कर्ज लें। सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा।

धनु शनि आपके धन स्थान में मार्गी होने वाले हैं। माता-पिता और परिवार के बुजुर्गों के सहयोग से प्रॉपर्टी के मसले हल होंगे। परिवार के साथ रिश्तों में सुधार का लाभ अनेक जगहों पर आपको मिलने वालाहै । धन आगमन के नए मार्ग खुलेंगे। अचानक कहीं से बड़ी धन राशि प्राप्त हो सकती है। भाग्य का साथ मिलने से असंभव कार्यों को भी संभव कर पाएंगेए लेकिन अपनी वाणी में अहंकार और कटुता बिलकुल ना लाएं। चाहे आप कितने भी बड़े और अमीर हों, अपने से छोटों को सदा साथ लेकर चलना होगा।

मकर शनि इसी राशि में मार्गी हो रहा है और इसी राशि का स्वामी भी है। यहां शनि के मार्गी होने से शश नामक राजयोग बन रहा है, जो आपके लिए विशेष लाभदायी होने वाला है। यदि आप शनि से जुड़े कार्यों में लगे हैं तो लाभ मिलेगा। आपके संपर्कों में वृद्धि होगीए जिसका लाभ आपको बिजनेस में मिलेगा। सेहत में थोड़ी गिरावट आ सकती है। अस्वस्थ लोगों से दूर रहें। उन्नति के दरवाजे आपके लिए खुलने वाले हैं। लंबे समय से अटकी हुई इच्छा पूरी होने वाली है। विवाहित जीवन सुखी होगा। प्रेम में मतभेद-मनभेद आएंगे लेकिन उनसे दूर रहें। नकारात्मक विचारधारा वाले लोगों से दूर रहें। अपनी वाणी के कारण लाभ कमाएंगे। आय के नए स्रोत मिलने वाले हैं। नए बिजनेस जॉब मिलने वाला है। शिक्षा के क्षेत्र में सफलता मिलेगी।

कुंभ राशि के लिए शनि द्वादश भाव में मार्गी हो रहा है। यह भाव खर्च का भाव है। इसलिए आपको अपने खर्चों को रोकना होगा। बेवजह के व्यय करेंगे तो भविष्य के लिए कुछ बचाना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि आय के स्रोत बढ़ेंगे। अपने व्यवसाय में अधिक अच्छे मौके मिलेंगे। जो भी बिजनेस आप कर रहे हैं, उसमें कुछ लाभ मिलेगा, लेकिन कार्य में बदलाव आयेगा। पैतृक संपत्ति के विवादों का निपटरा होगा। पारिवारिक माहौल अच्छा रहेगा। धर्म-कर्म के कार्यों में मन लगेगा। वाहन दुर्घटना की स्थिति रहेगी इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी रखें। विद्यार्थियों के लिए समय उत्तम है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

मीन राशि के लिए आय स्थान यानी ग्यारहवें भाव में मार्गी होने जा रहे हैं। आर्थिक संकट दूर होगा। खर्च अधिक होने के बावजूद आय अच्छी रहने से लाभपूर्ण स्थिति में रहेंगे, कर्ज लेने से बचें। परिवर्तन करना चाहते हैं तो उसे कर डालिए। अपने बिजनेस और जॉब में धैर्य रखते हुए आगे बढ़े, लाभ की स्थितियां बनती जा रही है। इसके लिए आपको लगातार प्रयास करते रहना होगा। कार्यों को टालने की आदत छोड़ दें। जॉब में वेतन वृद्धि, प्रमोशन मिलेगा, वाहन चलाते समय सावधानी रखें। किसी भी काम में जल्दबाजी ना करें, क्रोध न करें। सब अपने आप ठीक हो जाएगा।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम